विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऊना के व्यक्ति की पंजाब में पिटाई के बाद मौत पर बवाल, हिमाचल बैरियर पर शव रखकर चक्काजाम; दोनों राज्यों की पुलिस पहुंची

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 04 Nov 2026 12:10 PM (IST)Updated: Wed, 04 Nov 2026 12:21 PM (IST)

ऊना के बोलेवाल निवासी असमल खान की पंजाब में पिटाई के बाद पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ...और पढ़ें

हिमाचल पंजाब सीमा पर शव रखकर प्रदर्शन करते लोग। जागरण

हिमाचल पंजाब सीमा पर शव रखकर प्रदर्शन करते लोग। जागरण

HighLights

  1. ऊना निवासी असमल खान की पंजाब में पिटाई से मौत।

  2. शव को पोलियां बैरियर पर रखकर चक्काजाम किया।

  3. आरोपियों पर कार्रवाई की मांग, दोनों राज्यों की पुलिस मौके पर।

नवीन महे, टाहलीवाल (ऊना)। पंजाब जिला होशियारपुर तहसील गढ़शंकर के गज्जर मदूद में हुई खूनी झड़प में घायल ऊना के बोलेवाल निवासी 52 वर्षीय असमल खान की पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत होने के बाद बुधवार को क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। गुस्साए स्वजन और ग्रामीणों ने मृतक का शव पोलियां बैरियर पर रखकर चक्काजाम कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मामले में नामजद लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। चक्काजाम के चलते पंजाब से हिमाचल प्रदेश आने वाला यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ।

दोनों राज्यों की पुलिस पहुंची

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही हरोली के डीएसपी मोहन रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसएचओ अनूप भी पुलिस बल के साथ स्थिति संभालने में जुटे रहे। वहीं, पंजाब पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। दोनों राज्यों की पुलिस की मौजूदगी में परिजनों और ग्रामीणों को समझाने तथा स्थिति सामान्य बनाने के प्रयास किए गए।

24 अक्टूबर को हुई थी मारपीट

जानकारी के अनुसार, बोलेवाल निवासी असमल खान और बलबीर खान 24 अक्टूबर को पंजाब के गज्जर मदूद गए थे। बताया जा रहा है कि हुसन लाल, नानका मेल और करनैल खान दोनों को गज्जर मदूद स्थित एक घर में लेकर गए थे। वहां कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते पिटाई में बदल गई। इस घटना में असमल खान और बलबीर खान घायल हो गए थे।

असमल खान के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया था, जहां दो नवंबर को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल बलबीर खान को ऊना अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

नामजद लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

मृतक के स्वजन का आरोप है कि दोनों पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया था। स्वजन ने मामले में नामजद लोगों के खिलाफ कार्रवाई में देरी को लेकर पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि जब तक आरोपितों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

परिवार में आक्रोश 

असमल खान की पत्नी मुख्त्यारा बेगम, तीन बेटियां और बेटा रो-रोकर बेहाल हैं। परिवार के मुखिया की मौत से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

प्रदर्शन में ये लोग जुटे

प्रदर्शन में करनैल खान, कासिम दीन, बीरदीन, शेर अली और नजीर अहमद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इसके अलावा दुलैहड़ की प्रधान कश्मीर कौर, उपप्रधान मोहिंदर सिंह, पूर्व प्रधान नंद किशोर और पूर्व उपप्रधान पवन राणा भी मौके पर पहुंचे।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में गवाह को मिलेगी पुलिस सुरक्षा, सरकार ने लागू की योजना; जिलास्तर पर प्राधिकरण करेगा खतरे का आकलन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।