हिमाचल में ऊना हाईवे पर चलती कार में लगी आग, चंडीगढ़ नंबर की गाड़ी में सवार थे दिल्ली निवासी तीन लोग
हिमाचल प्रदेश के अंब-ऊना राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदपुर के पास एक चलती कार में भीषण आग लग गई। कार में ...और पढ़ें

ऊना अंब हाईवे पर जली हुई कार। जागरण
HighLights
अंब-ऊना हाईवे पर नंदपुर के पास कार में आग
जलती कार से दिल्ली के तीन यात्री सुरक्षित निकले
वाहन पूरी तरह जला, आग के कारणों की जांच जारी
संवाद सहयोगी, अंब (ऊना)। हिमाचल प्रदेश में अंब-ऊना राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदपुर के समीप चलती कार में अचानक आग की लपटों से घिर गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि वाहन में सवार तीनों लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर जान बचा ली। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बगलामुखी मंदिर से लौट रहे दिल्ली निवासी
जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ नंबर की कार में अनीश कुमार, अंशुल मित्तल व चंद्र पाल निवासी तिलक नगर न्यू दिल्ली तीन लोग सवार थे।बताया जा रहा है कि तीनों बगलामुखी माता मंदिर में दर्शन करने के बाद वापस दिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान जब उनकी कार नंदपुर के पास पहुंची तो अचानक उसमें आग लग गई।
धुआं और आग की लपटें उठने लगीं
चलती कार से धुआं और आग की लपटें उठती देख सवारों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने बिना देर किए वाहन से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अंब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
क्या कहते हैं डीएसपी
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने कहा कि पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी जुटाकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।