सोने-चांदी के दाम में गिरावट से दिवाली और धनतेरस के लिए एडवांस बुकिंग शुरू, ज्वेलर्स लाए स्पेशल ऑफर
सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट के बाद ऊना के सराफा बाजार में खरीदारी में तेजी आई है, ग्राहक धनतेरस और दीपावली के लिए गहने बुक कर रहे हैं।

सोने और चांदी के दाम में गिरावट आई है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई।
धनतेरस-दीपावली के लिए गहनों की एडवांस बुकिंग जारी।
ज्वेलर्स दे रहे आकर्षक छूट और विशेष ऑफर।
रीतिका शर्मा, ऊना। सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट के बाद सराफा बाजार में खरीदारी को लेकर हलचल बढ़ी है। लंबे समय से ऊंचे दामों के कारण खरीदारी टाल रहे ग्राहक अब त्योहारी सीजन और आगामी विवाह मुहूर्त को देखते हुए गहने खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। धनतेरस और दीपावली के लिए एडवांस बुकिंग भी शुरू हो गई है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ज्वेलर्स मेकिंग चार्ज में छूट और विशेष ऑफर दे रहे हैं।
महारानी पायल खास पसंद
बाजार में गोल्ड सेट, मंगलसूत्र, अंगूठी, झुमके और पायलों की मांग है। इस बार एंटीक डिजाइन की महारानी पायल महिलाओं की खास पसंद बनकर उभरी है। बड़े शोरूम में ग्राहकों की आवाजाही के मुकाबले छोटे और खुदरा कारोबारियों को अभी अपेक्षित ग्राहकी का इंतजार है। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस और दीपावली तक बाजार में खरीदारी का माहौल और मजबूत होगा।
यह है ताजा भाव
सोमवार को सोने का भाव करीब 1.30 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 1.80 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रहा। इससे पहले सोना करीब 1.62 लाख रुपये और चांदी तीन लाख रुपये तक पहुंच गई थी। लगातार बढ़ते दामों के चलते ग्राहकों ने खरीदारी से हाथ खींच लिए थे, जिससे सराफा कारोबार प्रभावित हुआ।
10 ग्राम पर 15 हजार ऑफर
जिले के ज्वेलर्स अलग-अलग ऑफर दे रहे हैं। बड़े शोरूम में मेकिंग चार्ज पर छूट के साथ सोने की खरीद पर विशेष रियायत दी जा रही है। कुछ प्रतिष्ठानों में 10 ग्राम सोने की खरीद पर 15 हजार रुपये तक की छूट का ऑफर है।
बारीक नक्काशी, शाही अंदाज और आकर्षक बनावट वाली एंटीक महारानी पायल की मांग बढ़ी है। हल्के वजन के कारण भी महिलाएं इसे पसंद कर रही हैं। इसके अलावा गोल्ड सेट, मंगलसूत्र, झुमके और अंगूठियों की खरीदारी जारी है।
क्या कहते हैं ज्वेलर्स
सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट के बाद ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। धनतेरस और दीपावली को देखते हुए विशेष आफर दिए जा रहे हैं। मेकिंग चार्ज में छूट के साथ 10 ग्राम सोने की खरीद पर 15 हजार रुपये तक की रियायत दी जा रही है। दोनों त्योहारों के लिए करीब दो हजार ग्राहकों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है।
-रजत धीर, मालिक, विजय ज्वेलर्स।
यह भी पढ़ें: फैंसी लाइट के दौर में भी मिट्टी के दीयों की चमक, शिमला में दिवाली के लिए खास तरह के दीपक बाजार में
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।