ऊना के अंब में गोवंश का कटा हुआ सिर मिला, धड़ का नहीं कोई सुराग; डीएसपी टीम सहित मौके पर पहुंचे
ऊना के अंब उपमंडल के टकारला में एक कुएं के पास गोवंश का कटा हुआ सिर मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।

ऊना के अंब में गोवंश का सिर मिलने के मामले में जांच करती पुलिस। जागरण
HighLights
ऊना के अंब में गोवंश का कटा सिर बरामद।
पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग ने शुरू की जांच।
अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज, धड़ का सुराग नहीं।
संवाद सहयोगी, अंब (ऊना)। हिमाचल प्रदेश में जिला ऊना के उपमंडल अंब में गोवंश का कटा हुआ सिर हुआ मिला है। टकारला में बुधवार सुबह कुएं के समीप बनी एक डिग्गी में गोवंश का अवशेष मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना का पता चलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। वहीं, घटना को लेकर स्थानीय लोगों और गोवंश प्रेमियों में रोष है।
कुत्ते के भौंकने पर महिला ने देखा
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह एक महिला किसी काम से कुएं की तरफ गई थी। इसी दौरान उसे वहां एक कुत्ते का शावक लगातार भौंकता दिखा। आवाज सुनकर जब महिला ने आसपास नजर दौड़ाई तो पास ही बनी डिग्गी में गोवंश का कटा हुआ सिर पड़ा मिला। यह देखकर महिला घबरा गई और उसने तुरंत पंचायत प्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी।
डीएसपी मौके पर पहुंचे
पंचायत प्रतिनिधियों ने मामले से पुलिस को अवगत करवाया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंब विपिन शर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास गोवंश के धड़ की तलाश भी की, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया।
पशु चिकित्सकों की कमेटी भेजी
पशु चिकित्सा विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ चिकित्सकों की तीन सदस्यीय कमेटी घटनास्थल पर भेजी। पुलिस ने पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में गोवंश के कटे हुए सिर को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने बरामद सिर को पशु चिकित्सा विभाग की निगरानी में पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।
फोरेंसिक टीम बुलाई, अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
इसके साथ ही फोरेंसिक जांच के माध्यम से भी घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जाएगा। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही हैं।
आखिर कहां है धड़
वहीं, गोवंश का धड़ बरामद नहीं होना भी जांच का अहम पहलू बना हुआ है। घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और गोवंश प्रेमियों ने रोष जताया है। उनका कहना है कि इस प्रकार की घटनाओं से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर जल्द सच्चाई सामने लाने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि इस घटना में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
क्या कहते हैं डीएसपी अंब
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने गोवंश के कटे हुए सिर को कब्जे में ले लिया है। पशु चिकित्सा विभाग की देखरेख में पोस्टमार्टम करवाने के साथ इसे फोरेंसिक जांच के लिए भी भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।