हिमाचल में डिप्टी CM के काफिले में शामिल सुरक्षा अधिकारी की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, हरोली पुल के पास टायर फटा
हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के सुरक्षा अधिकारी बिन्नी मिन्हास की गाड़ी ऊना में रामपुर-हरोली पुल के पास ...और पढ़ें

हरोली में दुर्घटनाग्रस्त डिप्टी सीएम के सुरक्षा अधिकारी की गाड़ी। जागरण
HighLights
डिप्टी सीएम के सुरक्षा अधिकारी की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई।
रामपुर-हरोली पुल के पास टायर फटने से हादसा हुआ।
सुरक्षा अधिकारी बिन्नी मिन्हास हादसे में घायल हुए।
नवीन महे, हरोली (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के काफिले के साथ चल रहा सुरक्षा अधिकारी का वाहन शनिवार को हरोली-रामपुर पुल के समीप अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में उप मुख्यमंत्री के निजी मुख्य सुरक्षा अधिकारी डीएसपी बिन्नी मिन्हास घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन का टायर अचानक फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क से नीचे जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में डीएसपी बिन्नी मिन्हास को चोटें आई हैं, जबकि वाहन चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।
ऊना अस्पताल में पहुंचाए बिन्नी मिन्हास
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। घायल बिन्नी मिन्हास को तत्काल उपचार के लिए जिला ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनका सीटी स्कैन सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया।
जांच के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को खतरे से बाहर बताया और कोई गंभीर चोट नहीं होने की जानकारी दी। उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
डिप्टी सीएम भी अस्पताल पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने निर्धारित दौरे को बीच में छोड़ दिया और सीधे जिला अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में उन्होंने बिन्नी मिन्हास का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री करीब एक घंटे तक अस्पताल में मौजूद रहे और जांच पूरी होने तक लगातार चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेते रहे।
