विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में नए सिरे से नहीं बनेंगे डे-बोर्डिंग स्कूल, सरकार ने बदली योजना, पुराने विद्यालय अपग्रेड करने की तैयारी

By Ritika Sharma Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 16 Nov 2026 06:47 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल योजना के तहत अब नए भवन बनाने के बजाय मौजूदा सरकारी विद्यालयों को अपग्रेड किया जाएगा।

गगरेट के संघनई में बन रहा डे-बोर्डिंग स्कूल का भवन।

गगरेट के संघनई में बन रहा डे-बोर्डिंग स्कूल का भवन।

HighLights

  1. राजीव गांधी डे-बोर्डिंग योजना में मौजूदा स्कूल अपग्रेड होंगे।

  2. गगरेट को छोड़कर ऊना के चार स्थल बदले गए।

  3. उपलब्ध भूमि और शैक्षणिक ढांचे का बेहतर उपयोग होगा।

रीतिका शर्मा, ऊना। हिमाचल प्रदेश में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल योजना में अब नए भवन बनाने के बजाय मौजूदा सरकारी विद्यालयों को अपग्रेड कर अत्याधुनिक शिक्षण संस्थानों के रूप में विकसित किया जाएगा। जिला ऊना के पांच विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित डे बोर्डिंग स्कूलों में से चार के स्थल बदल दिए गए हैं। अब हरोली, कुटलैहड़, चिंतपूर्णी और ऊना विधानसभा क्षेत्रों में पहले से संचालित स्कूलों में डे बोर्डिंग सुविधाएं विकसित होंगी।

गगरेट विधानसभा क्षेत्र के संघनई में पहले से प्रस्तावित स्थल पर 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य जारी रहेगा। इस बदलाव से उपलब्ध भूमि और मौजूदा शैक्षणिक ढांचे का बेहतर उपयोग हो सकेगा।

गगरेट के संघनई में 100 कनाल भूमि पर निर्माण

गगरेट के संघनई में करीब 100 कनाल भूमि पर डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण तेजी से जारी है। पंचायत, वन विभाग, जलशक्ति विभाग और शामलात भूमि शिक्षा विभाग के नाम स्थानांतरित की जा चुकी है। परियोजना के लिए पहले पांच करोड़ रुपये मिले थे और अब 16 करोड़ रुपये अतिरिक्त जारी किए गए हैं।

करीब 55 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यहां चार मंजिला तीन भवन बनेंगे, जिनमें प्री-प्राइमरी, माध्यमिक और वरिष्ठ कक्षाओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था होगी। परिसर में इनडोर स्टेडियम भी बनाया जाएगा।

बोट के बजाय बौल में बनेगा स्कूल

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में डे-बोर्डिंग स्कूल पहले बोट में प्रस्तावित था। यहां 100 कनाल भूमि शिक्षा विभाग के नाम स्थानांतरित भी हो चुकी थी, लेकिन अब स्थल बदलकर बौल कर दिया गया है। बौल स्कूल के पास अपनी 22 कनाल भूमि है। इसके अलावा 60 कनाल भूमि विभाग के नाम स्थानांतरित है। परियोजना के लिए 2.50 करोड़ रुपये का बजट जारी हुआ है।

बढ़ेड़ा की जगह हरोली और लडोली के बजाय अंब स्कूल होंगे अपग्रेड

हरोली में बढ़ेड़ा के बजाय हरोली राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को अपग्रेड किया जाएगा। इसके लिए 2.50 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। योजना में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के साथ प्राथमिक विद्यालय को भी शामिल किया जाएगा। करीब 53 कनाल भूमि पर परिसर विकसित होगा। पुराने कमरों को हटाकर नए भवन बनाए जाएंगे। फिलहाल इसका नक्शा तैयार किया जा रहा है।

चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में डे बोर्डिंग स्कूल पहले लडोली में प्रस्तावित था, लेकिन अब अंब स्कूल को अपग्रेड किया जाएगा। इसके लिए 2.28 करोड़ रुपये जारी हुए हैं। अंब स्कूल के पास अपनी 172 कनाल भूमि उपलब्ध है।

जिला मुख्यालय के विद्यालय को अब तक नहीं मिला बजट 

ऊना विधानसभा क्षेत्र में योजना के तहत पहले जनकौर में डे बोर्डिंग स्कूल प्रस्तावित था। इसके लिए करीब 100 कनाल भूमि शिक्षा विभाग के नाम स्थानांतरित भी हो चुकी थी। अब बहड़ाला में डे बोर्डिंग सुविधाएं विकसित करने की तैयारी है। बहड़ाला स्कूल की अपनी करीब 35 कनाल भूमि पर ही परिसर तैयार होगा। शिक्षा विभाग को स्थल परिवर्तन की अधिसूचना मिल चुकी है, लेकिन अभी तक इसके लिए बजट जारी नहीं हुआ है।

राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल योजना के तहत मौजूदा सरकारी स्कूलों को अपग्रेड कर परिसर विकसित किए जाएंगे। संघनई में पहले से स्वीकृत स्थल पर करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण जारी रहेगा। हरोली, कुटलैहड़, चिंतपूर्णी और ऊना में मौजूदा विद्यालयों को अपग्रेड किया जाना है। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और उपलब्ध भूमि तथा शैक्षणिक ढांचे का बेहतर इस्तेमाल होगा।
-अनिल तक्खी, उपनिदेशक, शिक्षा विभाग, ऊना।

यह भी पढ़ें: हरोली से दिल्ली के लिए HRTC की लग्जरी बस सेवा शुरू, डिप्टी CM ने दिखाई हरी झंडी; टाइमिंग और किराया तय 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।