हरोली से दिल्ली के लिए HRTC की लग्जरी बस सेवा शुरू, डिप्टी CM ने दिखाई हरी झंडी; टाइमिंग और किराया तय
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना के हरोली से दिल्ली के लिए एचआरटीसी की पहली लग्जरी बस सेवा को हरी झंडी दिखाई।

हरोली बस अड्डे से दिल्ली के लिए लग्जरी बस को हरी झंडी दिखाते उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री।
HighLights
हरोली-दिल्ली लग्जरी बस सेवा की मांग पूरी हुई।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बस को हरी झंडी दिखाई।
ऊना से दिल्ली का किराया 1138 रुपये निर्धारित।
संवाद सहयोगी, ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना से हरोली क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही लग्जरी बस सेवा की मांग पूरी हो गई। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को हरोली बस अड्डे से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की पहली लग्जरी बस को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना किया। सेवा शुरू होते ही यात्रियों से अच्छा रिस्पांस मिला।
सभी 39 सीटें बुक
ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने के बाद सीटों की मांग बढ़ी और शाम पांच बजे तक 32 सीटें बुक हो चुकी थीं। शाम तक 39 सीटों वाली बस की सभी सीटें बुक हो गईं। निगम के अनुसार, आगामी दिनों के लिए भी बुकिंग शुरू हो गई है।
दिल्ली बस की टाइमिंग
बस हरोली डिपो से ऊना बस अड्डे होते हुए दिल्ली जाएगी। यह हरोली से रात 8.15 बजे रवाना होकर रात नौ बजे ऊना पहुंचेगी। इसके बाद रात 12 बजे चंडीगढ़ और सुबह पांच बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में बस दिल्ली से रात 9.27 बजे चलेगी और सुबह पांच बजे हरोली पहुंचेगी।
किराया भी निर्धारित
ऊना से दिल्ली का किराया 1138 रुपये निर्धारित किया गया है। इस सेवा से हरोली और ऊना क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने के लिए सुविधाजनक परिवहन विकल्प मिलेगा।
हिमाचल से दिल्ली के लिए चलेंगी 22 लग्जरी बसें
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली से लग्जरी बस चलाने की मांग लंबे समय से उठ रही थी। लोगों की मांग पूरी करते हुए सेवा शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि एचआरटीसी के बेड़े में 87 लग्जरी बसें हैं। प्रदेश से दिल्ली के लिए अब 22 लग्जरी बसें संचालित होंगी। हरिद्वार, कटड़ा, धर्मशाला और मनाली सहित प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए भी लग्जरी सेवाएं उपलब्ध हैं।
ऊना में 51 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन
अग्निहोत्री ने बताया कि ऊना से पहले ही 51 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा चुकी हैं। ऊना और हरोली डिपो इलेक्ट्रिक बसों के संचालन में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदेश सरकार का लक्ष्य आने वाले समय में बेड़े में एक हजार और इलेक्ट्रिक बसें शामिल करने का प्रयास करना है।
इसके साथ ही 100 छोटी-मिनी और मिडी बसें तथा 250 डीजल बसें भी निगम के बेड़े में जोड़ी जाएंगी। हिमाचल को ग्रीन राज्य बनाने और एचआरटीसी की परिवहन सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
हरोली की 14 पंचायतों को मिले ई-रिक्शा, घर-घर से उठेगा कचरा
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत हरोली विकास खंड की 14 ग्राम पंचायतों को ई-रिक्शा सौंपे। उन्होंने इन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ई-रिक्शा के जरिये पंचायतों में घर-घर जाकर कचरा एकत्र किया जाएगा। अग्निहोत्री ने कहा कि पहले चरण में 14 पंचायतों को ई-रिक्शा दिए गए हैं और आगे इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी। हरोली को स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस अभियान में पंचायतों और स्थानीय लोगों की भागीदारी अहम है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।