हिमाचल में गूगल मैप्स के बताए रास्ते पर फंसा ट्रक, संकरे रास्ते पर बिगड़ा संतुलन स्वां नदी किनारे पहुंचा
गूगल मैप्स के निर्देशों का पालन करते हुए एक ट्रक हिमाचल के ऊना में स्वां नदी के किनारे एक संकरे रास्ते पर फंस गया। सामान से लदे ट्रक का संतुलन बिगड़ने से वह नदी में गिरने से बचा।

ऊना के गगरेट में गूगल मैप से रास्ता भटक कर ट्रक नदी किनारे फंस गया। जागरण
HighLights
गूगल मैप्स के निर्देश पर ट्रक संकरे रास्ते पर फंसा।
स्वां नदी के किनारे संतुलन बिगड़ा, पलटने का खतरा बना।
हाइड्रा मशीन की मदद से फंसे ट्रक को सुरक्षित निकाला गया।
संवाद सहयोगी, गगरेट (ऊना)। तकनीक पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता कभी-कभी परेशानी का कारण बन सकती है। इसका उदाहरण सोमवार को स्वां नदी के वैकल्पिक मार्ग पर देखने को मिला। गूगल मैप्स के निर्देश का पालन करते हुए अम्ब से गगरेट आ रहा सामान से लदा ट्रक ऐसे संकरे रास्ते पर पहुंच गया, जो भारी वाहन के लिए जोखिम भरा साबित हुआ।
अम्ब से गगरेट का मार्ग ढूंढ रहा था ड्राइवर
ड्राइवर गूगल मैप्स की मदद से अम्ब से गगरेट पहुंचने का मार्ग तलाश रहा था। पुराने अम्ब रोड से होते हुए वह स्वां नदी के किनारे बने वैकल्पिक रास्ते पर पहुंच गया। ट्रक में सामान लदा होने के कारण चालक को रास्ते की स्थिति और भारी वाहन के लिए उसकी उपयुक्तता का अंदाजा नहीं हुआ।
आगे बढ़ते समय ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और एक पहिया नदी की ओर झुक गया। ट्रक के नदी में पलटने का खतरा पैदा हो गया।
हाइड्रा मशीन से निकाला
ट्रक को सुरक्षित निकालने के लिए हाइड्रा मशीन बुलानी पड़ी। कड़े प्रयास के बाद मशीन की मदद से मालवाहक को बाहर निकाला गया। ट्रक निकालने की प्रक्रिया के चलते आवाजाही प्रभावित रही और चालकों को इंतजार करना पड़ा।
डिजिटल मैप राह बता सकता है सड़क की स्थिति नहीं
इस घटना ने भारी वाहन चालकों के लिए यह सवाल खड़ा किया है कि क्या गूगल मैप्स पर दिखने वाला हर रास्ता बड़े और भारी वाहनों के लिए सुरक्षित होता है। डिजिटल मैप रास्ता बता सकता है, लेकिन सड़क की चौड़ाई, भार क्षमता और मौके की वास्तविक स्थिति का आकलन चालक को स्वयं करना चाहिए। राहत की बात रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।