औट-सैंज-लुहरी NH को डबललेन करने की तैयारी तेज, 49 KM सड़क होगी चकाचक; DPR बनाने की प्रक्रिया शुरू
हिमाचल प्रदेश के औट-सैंज-लुहरी राष्ट्रीय राजमार्ग के 49 किलोमीटर हिस्से को डबल लेन में चौड़ा करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

औट सैंज सड़क को डबललेन बनाया जाएगा। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
औट-सैंज-लुहरी एनएच के 49 KM हिस्से का चौड़ीकरण।
डबल लेन बनाने के लिए डीपीआर प्रक्रिया हुई शुरू।
पहाड़ी क्षेत्र में आवागमन होगा सुगम, जोखिम कम होगा।
जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश के बेहद कठिन औट-सैंज-लुहरी राष्ट्रीय राजमार्ग के 49 किलोमीटर हिस्से को डबल लेन में चौड़ा करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मार्ग के 31 से 46 और 63 से 97 किलोमीटर के बीच के हिस्से को दो लेन बनाने की योजना है। इस सड़क के चकाचक होने से पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
आवागमन सुगम होने की उम्मीद
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में इस परियोजना से स्थानीय आवागमन सुगम होने और संपर्क मार्ग मजबूत होने की उम्मीद है। अभी सिंगल रोड पर आवाजाही बेहद जोखिमभरी है।
7 महीने अवधि
परामर्श कार्य की अनुबंध अवधि सात महीने होगी। इसकी अनुमानित निश्चित लागत जीएसटी को छोड़कर 3,61,84,500 रुपये है।
भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण होगा
परामर्शदाताओं को पहाड़ी भूभाग में विस्तृत भूवैज्ञानिक, भू-तकनीकी और स्थलाकृतिक सर्वेक्षण करना होगा। भूस्खलन और राकफाल रोकने के लिए लागत-प्रभावी उपायों के डिजाइन भी तैयार किए जाएंगे।
यह कार्य भी शामिल होंगे
डीपीआर में यातायात सर्वेक्षण, संरेखण के विकल्प, बाईपास और जंक्शन सुधार, जल निकासी योजना, भूमि अधिग्रहण में सहयोग तथा वन एवं पर्यावरण मंजूरी से जुड़े काम शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में सड़कों पर जमने लगी बर्फ, रोहतांग जाने वाले पर्यटकों के लिए प्रशासन ने टाइमिंग की तय; एडवायजरी जारी