विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल की पहाड़ी सड़क... रात का सन्नाटा और गूगल मैप से गलत राह पर उतरी हरियाणा के पर्यटकों की कार, खाई में गिरने से बचे

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 10 Sep 2026 01:41 PM (IST)Updated: Thu, 10 Sep 2026 01:57 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के चिंतपूर्णी में गूगल मैप की गलती से हरियाणा के तीन युवक गलत पहाड़ी रास्ते पर भटक गए। ...और पढ़ें

हरियाणा के युवकों की कार को अन्य स्थानीय कार से बांध के निकाला गया।

हरियाणा के युवकों की कार को अन्य स्थानीय कार से बांध के निकाला गया।

HighLights

  1. गूगल मैप की गलती से हरियाणा के युवक गलत रास्ते पर भटके।

  2. चिंतपूर्णी में कार सड़क से फिसलकर झाड़ियों में जा फंसी।

  3. तीनों युवक सुरक्षित रहे, खाई में गिरने से बाल-बाल बचे।

संवाद सहयोगी, चिंतपूर्णी (ऊना)। रात का सन्नाटा, अनजान पहाड़ी रास्ता और मोबाइल की स्क्रीन पर दिखाई दे रही गलत दिशा...। देर रात तीन युवकों को शायद इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिस रास्ते को वे मंजिल तक पहुंचने का मार्ग समझकर आगे बढ़ रहे हैं, वही उन्हें मौत के मुहाने तक ले जाएगा। लेकिन कहते हैं कि जब ऊपर वाले की कृपा हो तो बड़े से बड़ा संकट भी टल जाता है। 

चिंतपूर्णी थाना क्षेत्र के डूहल बंगवाला मार्ग पर मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे ऐसा ही हुआ। हरियाणा नंबर की कार सड़क से फिसलकर झाड़ियों में जा फंसी और खाई में गिरने से बाल-बाल बची। कार में सवार तीनों युवक सुरक्षित रहे।

जींद से मंदिर में माथा टेकने आए थे तीन युवक

हरियाणा के जींद से तीन युवक बगलामुखी मंदिर में माथा टेकने के लिए निकले थे। मुबारिकपुर के पास वे मोबाइल पर गूगल मैप के माध्यम से रास्ता देख रहे थे। 

होम स्टे तलाश रहे थे युवक

रात काफी हो चुकी थी और युवक ठहरने के लिए किसी होम स्टे की तलाश में भी थे। इसी दौरान रेही के पास रास्ता समझने में हुई छोटी-सी चूक उन्हें डूहल बंगवाला की ओर जाने वाले गुग्गा मंदिर मार्ग पर ले गई। 

संकरे मार्ग पर झाड़ियों में अटकी कार

यह रास्ता संकरा व बेहद ढलान वाला है। अंधेरे में अनजान मार्ग पर आगे बढ़ते हुए कार चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और कार मुख्य सड़क से नीचे उतरकर झाड़ियों में अटक गई। यदि वाहन कुछ और दूरी तक फिसल जाता तो परिणाम बेहद भयावह हो सकता था।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय युवक मदद के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला और चिंतपूर्णी पुलिस को सूचना दी। 

पुलिस ने की मदद

थाना चिंतपूर्णी के एएसआइ राजेश कुमार पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवकों को रात में ठहरने की भी व्यवस्था करवाई। बुधवार को स्थानीय लोगों की मदद व युवकों की मेहनत से कार को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में चलती बस पर दरकी पहाड़ी, भारी मात्रा में मलबा गिरने से शीशे टूटे; बिना बारिश भूस्खलन से सहमे लोग