विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में चलती बस पर दरकी पहाड़ी, भारी मात्रा में मलबा गिरने से शीशे टूटे; बिना बारिश भूस्खलन से सहमे लोग

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 10 Sep 2026 11:37 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर में वीरवार सुबह एक निजी बस पर पहाड़ी दरकने से उसके शीशे टूट गए और ड्राइवर ...और पढ़ें

HighLights

  1. सुजानपुर में चलती बस पर अचानक पहाड़ी दरकने से हादसा।

  2. हादसे में बस के शीशे टूटे, ड्राइवर को चोटें आईं।

  3. बिना बारिश भूस्खलन से स्थानीय लोग चिंतित, सुरक्षा की मांग।

संवाद सहयोगी, सुजानपुर (हमीरपुर)। हिमाचल प्रदेश में वीरवार सुबह चलती बस पर पहाड़ी दरक गई। भारी मात्रा में मलबा गिरने से बस के शीशे टूट गए व ड्राइवर को चोटें आई हैं। सुजानपुर ब्यास पुल के पास सुबह करीब 7:30 बजे यह हादसा हुआ। सुजानपुर से पालमपुर जा रही निजी बस के ऊपर अचानक पहाड़ी से बड़ा ल्हासा आ गिरा।

ल्हासा गिरने से बस का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय बस में चालक और परिचालक के अलावा कोई यात्री मौजूद नहीं था। चालक को चोटें आई हैं व कंडक्टर सुरक्षित है।

मची अफरा-तफरी, थमा ट्रैफिक

पुलिस के अनुसार बस सुजानपुर से पालमपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस सुजानपुर-ब्यास नदी के पुल के पास पहुंची, अचानक पहाड़ी से बड़ा ल्हासा गिरकर बस के ऊपर आ गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान कुछ देर तक ट्रैफिक भी रुक गया।

पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं

स्थानीय लोगों के अनुसार इस क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। पूर्व में चलती बसों पर पत्थर गिरने से लोग घायल भी हुए हैं। बरसात के दौरान इस मार्ग पर अचानक पत्थर और ल्हासे गिरने से सड़क कई बार बंद हो चुकी है।

बिना बारिश भूस्खलन से लोग हैरान

बिना बारिश के भी पहाड़ी से ल्हासा गिरने की घटना ने यात्रियों और वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि पहाड़ी की स्थिति को देखते हुए इस मार्ग पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण करवाकर संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेने और मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

सुजानपुर पुलिस थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने बताया कि घटना वीरवार सुबह करीब 7:30 बजे हुई। बस में चालक और परिचालक मौजूद थे।

 

यह भी पढ़ें: मंडी में चलती कार पर गिरे पत्थर, दूसरी तरफ थी गहरी खाई; ड्राइवर की होशियारी से बची 5 लोगों की जान