धनतेरस पर बच्चों के लिए मिल रहा चांदी का खास थाली सेट, कांसा और पीतल के बर्तन की भी खूब डिमांड
धनतेरस पर ऊना के बाजारों में बच्चों के लिए चांदी के थाली सेट और पारंपरिक पीतल, कांसे व तांबे के ...और पढ़ें

बच्चों के लिए चांदी का थाली सेट। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
बच्चों के लिए चांदी के थाली सेट ₹3600 में उपलब्ध।
पीतल, कांसा, तांबे के बर्तनों की भारी मांग, दाम बढ़े।
स्टील के एंटीक डिजाइन वाले बर्तन ग्राहकों को लुभा रहे।
रीतिका शर्मा, ऊना। धनतेरस पर बाजार में बच्चों के लिए चांदी के थाली सेट भी ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन सेट में दो कटोरी, एक चम्मच, गिलास और प्लेट शामिल हैं, जिनकी कीमत करीब 3600 रुपये है। वहीं, चांदी का लोटा 3600 से 3700 रुपये तक में उपलब्ध है। तांबे की बोतलें भी 1200 से 2200 रुपये तक की कीमत में बिक रही हैं। छह नवंबर को धनतेरस को लेकर बाजारों में तैयारियां जोरों पर हैं।
पीतल और कांसे के बर्तन की डिमांड
धनतेरस पर पीतल, कांसा और तांबे के बर्तन की खूब डिमांड है। हालांकि इनके दामों में बढ़ोतरी होने के साथ स्टील के बर्तन भी महंगे हुए हैं। पीतल के दाम में करीब 400 रुपये प्रति किलो और कांसे के बर्तनों में 500 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है।
वहीं तांबे के दाम करीब 400 रुपये और स्टील के 100 रुपये प्रति किलो बढ़े हैं। ऐसे में इस बार धनतेरस पर पारंपरिक धातुओं के बर्तन खरीदने के लिए ग्राहकों को पहले की अपेक्षा अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी।
बर्तनों का खास स्टॉक
दुकानदारों ने ग्राहकों की संभावित भीड़ और मांग को देखते हुए दुकानों में तरह-तरह के बर्तनों का स्टाक भर लिया है। पीतल के बर्तनों की अधिक मांग रहने की संभावना को देखते हुए कारोबारियों ने इस बार अतिरिक्त स्टाक मंगवाया है। तांबे की बोतलों की मांग भी लगातार बनी हुई है। धनतेरस पर शुभ मुहूर्त में बर्तन खरीदने की परंपरा के चलते कारोबारी अच्छी बिक्री की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
पीतल की अखंड ज्योत की खूब डिमांड
पीतल के बर्तनों में अखंड ज्योत की भी अच्छी मांग रहती है। करीब दो किलो वजन वाली पीतल की ज्योत 2900 रुपये तक में बिक रही है। वहीं, पीतल की ज्योत की शुरुआती कीमत 60 रुपये से है, जबकि वजन और डिजाइन के अनुसार इनकी कीमत 100, 500, 1000 रुपये से लेकर 2900 रुपये तक पहुंच रही है।
कांसे के बर्तन
कांसे के बर्तन 1800 से 2700 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं। कारोबारियों के अनुसार, धातुओं के दाम बढ़ने का सीधा असर इस बार धनतेरस की खरीदारी पर पड़ सकता है।
स्टील के बर्तनों में एंटीक लुक का बढ़ा क्रेज
धनतेरस पर इस बार स्टील के बर्तनों में एंटीक डिजाइन आकर्षण का केंद्र बने हैं। इन बर्तनों पर की गई बारीक नक्काशी और आकर्षक कारीगरी इन्हें सामान्य स्टील के बर्तनों से अलग पहचान दे रही है। बाजार में एंटीक डिजाइन के गिलास, कटोरी, लंच बॉक्स, डिब्बे, लोटा, ट्रे, ड्रम सहित कई तरह के पात्र उपलब्ध हैं।
खास बात यह है कि इन बर्तनों में पारंपरिक डिजाइन के साथ आधुनिकता का मेल देखने को मिल रहा है। कारोबारियों ने ग्राहकों की पसंद को देखते हुए इस बार एंटीक बर्तनों की विशेष वैरायटी मंगवाई है।
क्या कहते हैं कारोबारी
इस बार बर्तनों के दामों में अच्छी-खासी बढ़ोतरी हुई है। पीतल के दाम करीब 400 रुपये और कांसे के बर्तनों के दाम करीब 500 रुपये प्रति किलो तक बढ़े हैं। तांबे में भी करीब 400 रुपये प्रति किलो और स्टील में 100 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसका असर ग्राहकों की खरीदारी पर पड़ सकता है।
-संजीव कुमार शर्मा, बर्तन कारोबारी।
यह भी पढ़ें: दिवाली पर मिठाई की जगह ड्राई फ्रूट बने पसंद, 300 से 3000 रुपये तक आकर्षक गिफ्ट पैक बाजार में उपलब्ध
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।