विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में सतलुज नदी के बीच खराब हो गई बोट, पानी भरने लगा तो अटक गईं 30 यात्रियों की सांसें

Published: Sun, 22 Nov 2026 12:10 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में सतलुज नदी के बीच एक मोटर बोट खराब होने से 30 यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई, जिसमें धीरे-धीरे पानी भरने लगा। 

अर्की क्षेत्र में सतलुज नदी के बीच फंसी बोट। जागरण

अर्की क्षेत्र में सतलुज नदी के बीच फंसी बोट। जागरण

HighLights

  1. सतलुज नदी में बोट खराब, 30 यात्रियों की जान खतरे में।

  2. तकनीकी खराबी से बोट में पानी भरने लगा, भय का माहौल।

  3. दूसरी बोट बुलाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित किनारे पहुंचाया गया।

संवाद सहयोगी, दाड़लाघाट (सोलन)। हिमाचल प्रदेश में जिला सोलन के अर्की क्षेत्र की दूरदराज पंचायत बेरल के बोही गांव में गत दिवस एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बीच सतलुज नदी के मोटर बोट बंद होने से यात्रियों की सांसें अटक गई। यात्रियों ने बिना समय गंवाए दूसरी बोट भेजने के लिए फोन किया। दूसरी बोट में शिफ्ट होने के बाद यात्रियों की जान में जान आई। 

250 मीटर दूर था किनारा

बोही गांव के लोग राशन डिपो से सामान लेकर बोट के माध्यम से घर लौट रहे थे। 400 मीटर के दायरे में फैली सतलुज के दूसरे छोर तक पहुंचने से 250 मीटर पहले बोट तकनीकी खराबी आने के कारण बंद हो गई। 

बोट में भरने लगा पानी

बोट के बंद होते ही इसमें सवार 30 यात्रियों की सांसें अटक गई। बोट की शाफ्ट में खराबी आने के कारण उसमें धीरे-धीरे पानी भरने लगा। बोट में सवार लोग जितना पानी निकालते उतना और भर जाता। पानी अधिक भरने से खतरा बढ़ने लगा। 

स्थिति को भांपते हुए बोट में सवार लोगों ने तुरंत दूसरी बोट मंगवाई गई। दूसरी बोट के पहुंचने पर सभी यात्रियों को सुरक्षित इसमें शिफ्ट किया गया। 

भावुक हो गए थे परिवार के सदस्य

हादसे की आशंका के बीच जब सभी यात्री दूसरी बोट से सुरक्षित सड़क किनारे पहुंचे तो वहां इंतजार कर रहे स्वजन की जान में जान आई। काफी देर से अपनों की सलामती को लेकर चिंतित परिवार के सदस्य उन्हें सुरक्षित देखकर भावुक हो गए। इस दौरान परिजन एक-दूसरे के गले मिले और अपनों को सुरक्षित पाकर राहत की सांस ली। यात्रियों का कहना था कि यदि दूसरी बोट पहुंचने में देरी हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

सभी यात्री सुरक्षित

उधर, पंचायत बेरल के प्रधान जोगिंद्र ने बताया कि बोट की शाफ्ट टूट गई थी। इस कारण बोट में सवार यात्री घबरा गए थे। इसके बाद दूसरी बोट मंगवाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित उसमें शिफ्ट कर दिया गया। घटना में किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ है और सभी सुरक्षित हैं।

यह भी पढ़ें: कौन हैं IAS अधिकारी पंकज राय? स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेते ही हिमाचल सरकार ने सौंपी विद्युत नियामक आयोग की कमान 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।