चंडीगढ़-शिमला हाईवे पर पंचकूला के स्कूली बच्चों की बस दुर्घटनाग्रस्त, 51 छात्रों समेत चेयरमैन व स्टाफ भी घायल
सोलन में पंचकूला के लीटरा हैरिटेज स्कूल की बस चंडीगढ़-शिमला एनएच-5 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 51 छात्रों सहित स्टाफ सदस्य घायल हो गए।
HighLights
पंचकूला के लीटरा स्कूल की बस सोलन में दुर्घटनाग्रस्त हुई।
51 छात्रों सहित प्रिंसिपल, चेयरमैन और कोऑर्डिनेटर घायल हुए।
चालक की लापरवाही से बस डिवाइडर से टकराई, पुलिस शिकायत दर्ज।
संवाद सहयोगी, सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में शैक्षणिक भ्रमण पर आए पंचकूला के लीटरा हैरिटेज स्कूल के विद्यार्थियों की बस शनिवार रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रात करीब सवा 11 बजे चंडीगढ़-शिमला एनएच-5 पर यह हादसा हुआ। चक्कीमोड़ से आगे तम्बू मोड़ के पास बस सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे के समय बस में 51 बच्चे सवार थे। दुर्घटना में स्कूल की प्रिंसिपल अमिता, चेयरमैन नरेंद्र सिंगला और कोऑर्डिनेटर मीनू घायल हो गए। वहीं, बस में मौजूद कई बच्चों को भी हल्की चोटें आई हैं।
शिक्षिका की शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस को दी शिकायत में स्कूल की अध्यापिका शिल्पा चौहान निवासी रामगढ़, पंचकूला ने बताया कि वह पिछले चार वर्ष से स्कूल में पीआरटी अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। 14 नवंबर को स्कूल के बच्चे दो बसों में राजगढ़ घूमने के लिए आए थे। इनमें से एक बस में वह स्वयं, प्रिंसिपल, चेयरमैन, कोऑर्डिनेटर और 51 विद्यार्थी सवार थे।
ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप
बस नंबर सीएच 02 एए 2295 को चालक साहिल चला रहा था। रात करीब 11:10 बजे जब बस तम्बू मोड़ के पास पहुंची तो चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क के बीच बने डिवाइडर में टक्कर मार दी। टक्कर बस की चालक वाली तरफ लगी। इससे बस के दाहिनी ओर के शीशे टूट गए। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में अफरा-तफरी मच गई।