शिमला-मटौर फोरलेन: घट्टा टोल प्लाजा की दरों में फिर भारी बढ़ोतरी, एक तरफ यात्रा के चुकाने होंगे 95 रुपये
शिमला-मटौर फोरलेन पर रानीताल स्थित घट्टा टोल प्लाजा की दरों में फिर भारी बढ़ोतरी की गई है, जिससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।

घट्टा टोल प्लाजा में नई दरें लागू कर दी गई हैं।
HighLights
घट्टा टोल प्लाजा पर टोल दरों में फिर बढ़ोतरी।
कार-जीप के लिए एक तरफ का टोल 95 रुपये।
अधूरे फोरलेन निर्माण पर भी टोल वसूली का विरोध।
संवाद सहयोगी, कांगड़ा। शिमला-मटौर फोरलेन का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने कांगड़ा के रानीताल स्थित घट्टा टोल प्लाजा की दरों में फिर भारी बढ़ोतरी कर दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह निर्णय बिना सूचना लागू किया गया। रियुंद पुल और टि्वन टनल शुरू होने से पहले 1 सितंबर को कार और जीप का एक तरफ का टोल 25 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये और दोनों तरफ का शुल्क 100 रुपये किया गया था। बड़े वाहनों की दरें भी बढ़ाई गई थीं।
ट्विन टनल शुरू होने के 13 दिन बाद दरें बढ़ाई
अब टि्वन टनल और रियुंद पुल शुरू होने के महज 13 दिन बाद दरों में फिर इजाफा किया गया है। नई दरों के तहत कार और जीप से एक तरफ के 95 रुपये और दोनों तरफ के 145 रुपये वसूले जा रहे हैं। अन्य वाहनों के टोल में भी बढ़ोतरी की गई है।
लोगों ने जताया विरोध
नई दरों से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। इसके विरोध में स्थानीय नागरिकों, पंचायत प्रतिनिधियों और टैक्सी आपरेटर्स ने रोष जताया है। बता दें कि चंगर क्षेत्र और आसपास की 10 से अधिक पंचायतों के प्रधानों, उप-प्रधानों तथा पंचायत समिति सदस्यों ने पहले टोल प्लाजा पर महाआंदोलन और चक्काजाम किया था।
सांसद से मिले आश्वासन के बाद आंदोलन टाल दिया गया था। 14 नवंबर को नई दरें लागू होने के बाद पंचायत प्रतिनिधि फिर आंदोलन की रणनीति बनाने पर विचार कर रहे हैं।
उपभोक्ता फोरम ने लगाई थी रोक
यहां यह भी बता दें कि पुरानी बढ़ी हुई दरों पर जिला उपभोक्ता आयोग ने रोक लगाई थी, लेकिन एनएचएआई ने हाईकोर्ट से उस फैसले पर रोक हासिल कर ली थी। रानीताल में फ्लाईओवर सहित फोरलेन के अन्य निर्माण कार्य अधूरे होने के बावजूद टोल वसूली का भी कड़ा विरोध हो रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।