विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Kasauli Club के 101वें कसौली वीक का हुआ आगाज, जून 1922 में हुई थी इसकी शुरुआत; यहां जानें खास बातें

By Jagran NewsEdited By: Rajat Mourya
Published: Mon, 05 Jun 2023 02:29 PM (IST)

कसौली क्लब लिमिटेड देश के सबसे प्रतिष्ठित सामाजिक क्लबों में से एक है। कसौली क्लब के मौजूदा समय में सैन्य ...और पढ़ें

Kasauli Club के 101वें कसौली वीक का हुआ आगाज। जागरण
Kasauli Club के 101वें कसौली वीक का हुआ आगाज। जागरण

सोलन, मनमोहन वरिष्ठ। ऐतिहासिक कसौली क्लब के 101वें कसौली वीक का रविवार को आगाज हो गया। इसमें भाग लेने के लिए देश की कई नामी हस्तियों के पहुंचने की उम्मीद है। वर्ष 1922 में कसौली क्लब में आठ से 15 जून तक पहला कसौली वीक का आयोजन किया गया था।

इस बार क्लब 101वां कसौली वीक मना रहा है, जिसको लेकर कसौली क्लब के प्रबंधन व सदस्यों में भारी उत्साह है। कसौली क्लब लिमिटेड देश के सबसे प्रतिष्ठित सामाजिक क्लबों में से एक है। सात दिन तक चलने वाले इस आयोजन में स्कवॉश, लॉन टेनिस सहित कई खेलों व सांस्कृतिक संगीत कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

कसौली क्लब की स्थापना

वर्तमान कसौली क्लब को अंग्रेजों द्वारा 1880 में द कसौली रीडिंग एंड असेंबली रूम के रूप में स्थापित किया गया था। एक जनवरी 1898 को इसे कसौली क्लब के नाम से जाना जाने लगा। 21 सितंबर 1898 को लाहौर के रजिस्ट्रार कार्यालय में कसौली रीडिंग एंड असेंबली रूम को कसौली क्लब के रूप में पंजीकृत किया गया था। बाद में क्लब का नाम बदलकर द कसौली क्लब लिमिटेड कर दिया गया था, अब यह कंपनी अधिनियम 1956 द्वारा शासित है। इसका प्रबंधन कसौली छावनी स्थित सेना द्वारा किया जाता है।

स्टेशन कमांडर कसौली क्लब के चेयरमैन होते हैं। क्लब जनवरी 2002 में आग से नष्ट हो गया था, लेकिन सभी सदस्यों द्वारा सक्रिय भागीदारी के साथ 27 मार्च 2005 को फिर से शुरू कर दिया गया था। क्लब में आरामदायक कक्ष, पुस्तकालय, बिलियर्ड्स, जिम, बॉलरूम वर एक विशाल डाइनिंग हॉल हैं। क्लब में टेनिस कोर्ट, स्कवॉश कोर्ट, बैडिमिंटन, लॉन टेनिस, टेबल टेनिस की सुविधा भी है। क्लब में ड्रेस कोड का नियम है, जिसके बिना अंदर एंट्री नहीं हो सकती है।

कई नामी हस्तियां हैं क्लब की सदस्य

कसौली क्लब के मौजूदा समय में सैन्य, बॉलीवुड, खेल, प्रशासनिक व संगीत के क्षेत्र से जुड़े सैकड़ों सदस्य हैं। इसके दो हजार के करीब अस्थाई सदस्य जबकि 700 के करीब स्थाई सदस्य हैं। हॉकी इंडिया के पूर्व कैप्टन अजीतपाल सिंह, अभिनेता राहुल बोस, लेखक राहुल सिंह, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, लेफ्टिनेंट जनरल (रि) कमल डावर, एमएस गिल, देश के पूर्व चुनाव आयुक्त नवीन चावला, सहित कई बड़ी हस्तियां कसौली क्लब लिमिटेड की सदस्य हैं।

वहीं फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह, स्व. बीके नेहरू, स्व. खुशवंत सिंह, ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह चांदपुरी व स्व. सुरजीत सिंह बरनाला भी क्लब के सदस्य रहे हैं। इसका सदस्य बनने के लिए भी वर्षों का इंतजार करना पड़ता है। वर्तमान में भी 30 साल की वेटिंग चल रही है।

आज हुआ मिलिट्री सेमिनार

कसौली क्लब में कसौली वीक के दूसरे दिन मिलिट्री सेमिनार और स्पोर्ट्स इवेंट का आयोजन हुआ। सुबह साढ़े नौ बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक 17वें डिफेंस स्ट्रेटेजिक स्टडीज सेल का सेमिनार हुआ। जिसमें तीनों सेनाओं के पूर्व और वर्तमान सैन्य अधिकारी पड़ोसी देशों के साथ सुरक्षा संबंधों को लेकर चर्चा करेंगे। वहीं, अन्य गतिविधियों में क्लब के सदस्य स्पोर्ट्स इवेंट में भाग लेंगे। सांस्कृतिक संध्या में 'सा रे गा मा पा' फेम विशाल अरोड़ा अपनी प्रस्तुति देंगे।

ये भी पढ़ें- विश्व पर्यावरण दिवस पर हिमाचल के CM सुक्खू का एलान- 'एक साल के अंदर सभी तरह के प्लास्टिक पर लगेगा बैन'