यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
विश्व पर्यावरण दिवस पर हिमाचल के CM सुक्खू का एलान- 'एक साल के अंदर सभी तरह के प्लास्टिक पर लगेगा बैन'
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अपने सरकारी आवास ओक ओवर से एक जागरूकता रैली ...और पढ़ें

शिमला, राज्य ब्यूरो। आज विश्व पर्यावरण दिवस है। इस खास मौके पर हिमाचल सरकार ने राजधानी शिमला में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक कार्यक्रम का आयोजन किया। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास ओक ओवर से एक जागरूकता रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि अगले एक साल में सभी तरह के प्लास्टिक पर बैन लगा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्पष्ट तौर पर कहा कि हिमाचल में सभी प्रकार के प्लास्टिक को 1 वर्ष के भीतर प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। इस संबंध में प्लास्टिक उद्योग के उद्योगपतियों से बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 40 वर्षों में पहला ग्रीन बजट पेश किया है। आने वाले 3 साल में हिमाचल को देश का पहला ग्रीन राज्य बनाएंगे।
'स्कूल की किताब में पर्यावरण को किया जाएगा शामिल'
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हाइड्रोपावर, सोलर और पवन ऊर्जा की ओर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा स्कूल की किताब में पर्यावरण और हिमाचल की संस्कृति का शामिल किया जाएगा। सुक्खू ने यह भी कहा कि हिमाचल में आने वाले समय में सिर्फ पर्यावरण से संबंधित उद्योग की लगेंगे। काज़ा में सौर ऊर्जा को स्थापित करेंगे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अपने सरकारी आवास ओक ओवर से एक जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में सीनियर सेकेंडरी स्कूल पोर्टमोर, संजौली और शिमला पब्लिक स्कूल के छात्रों के साथ-साथ शिमला नगर निगम के स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
सीएम ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई
जागरूकता रैली में साइकिल सवार भी शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर पर प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि हिमाचल प्रदेश पर्यावरण की रक्षा के लिए भरसक प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदूषण की जांच और पर्यावरण के संरक्षण के लिए कई उपायों को लागू किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि के रूप में पहचाने जाने वाले हिमाचल प्रदेश का उद्देश्य जागरूकता अभियान के माध्यम से युवाओं में पर्यावरण चेतना की भावना पैदा करना है। इस कार्यक्रम में विधायक हरीश जनार्थ, केवल सिंह पठानिया, मेयर, नगर निगम, सुरेंद्र चौहान, डिप्टी मेयर, उमा कौशल, पर्यावरण, विज्ञान और प्रौद्योगिकी निदेशक ललित जैन और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
