विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोलन अग्निकांड: 8 वर्षीय प्रियांश सहित तीन के शव बरामद, लापता के अवशेष ही निकल रहे बाहर; दो साल के मासूम का कोई सुराग नहीं

By Jagran News Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 12 Jan 2026 11:22 AM (IST)Updated: Mon, 12 Jan 2026 06:31 PM (IST)

अर्की, सोलन में भीषण अग्निकांड में दो परिवारों के नौ सदस्य प्रभावित हुए। अब तक 8 वर्षीय प्रियांश सहित तीन ...और पढ़ें

हिमाचल के सोलन में भीषण अग्निकांड हुआ है। जागरण

हिमाचल के सोलन में भीषण अग्निकांड हुआ है। जागरण

HighLights

  1. अर्की अग्निकांड में 8 वर्षीय प्रियांश सहित तीन की मौत।

  2. छह लोग अभी भी लापता, केवल अवशेष मिल रहे हैं।

  3. सिलेंडर फटने से आग ने लिया विकराल रूप।

जागरण टीम, अर्की (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला के अर्की कस्बे में सोमवार तड़के दिल दहला देने वाली घटना ने सबको झकझोर दिया। अग्निकांड में दो परिवारों के पांच बच्चे और चार बड़े सदस्य इस हादसे की चपेट में आये हैं। एसडीआरएफ की ओर से चलाए गए रेस्क्यू अभियान के दौरान लापता लोगों के केवल अधजले अंग ही बाहर निकल पा रहे हैं। दाेपहर बाद दो और शव मिले, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। 

एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि आठ वर्षीय बच्चे का शव मिलने के बाद दो और लोगों के शव घटनास्थल से बरामद किए गए हैं। इन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है, ताकि उनकी पहचान की जा सके।

अग्निशमन विभाग, होमगार्ड व एसडीआरएफ की टीम मौके पर जुटी हुई है, लेकिन अभी तक सुबह 10 बजे के बाद कोई भी सदस्य जिंदा बाहर नहीं निकाला जा सका है। एसडीआरएफ जवानों को केवल मानव शरीर के आधे अंग ही हाथ लग रहे हैं, जिन्हें वह अस्पताल ले जा रहे हैं। मौके पर अब फोरेंसिक एक्सपर्ट जांच में जुट गए हैं।

इस अग्निकांड में प्रियांश नाम के बच्चे सहित कुल तीन की मौत हुई है व दो लोगों को रेस्क्यू किया गया। घायलों को सिविल अस्पताल अर्की में उपचाराधीन किया गया है। अब छह लोग मलबे में लापता हैं, जिनके सिर्फ अवशेष मिल रहे हैं।

क्या कहते हैं प्रत्यक्षदर्शी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भवन की ऊपरी मंजिल से धुआं उठता दिखाई दिया। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग ने भयावह रूप धारण कर लिया। भवन लकड़ी से बना था, जिससे आग तेजी से फैली और नीचे स्थित दुकानों तक पहुंच गई।

ऊपरी मंजिल पर रह रहे लोगों को नहीं मिला निकलने का मौका

ऊपरी मंजिल पर रह रहे प्रवासी परिवारों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। जान बचाने के लिए एक महिला ने भवन से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

दो साल का मासूम भी आया चपेट में

ठेकेदार मोहनलाल के अनुसार इस मकान में कुल नौ प्रवासी रह रहे थे, जिनमें दो महिलाएं टीका और कविता, दो पुरुष धन बहादुर और कांशीराम तथा पांच बच्चे राधा, रेणुका, अनु, सुनील और एक दो वर्षीय बच्चा शामिल था। आशंका जताई जा रही है कि ये सभी आग की चपेट में आ गए। जिला प्रशासन द्वारा फिलहाल तीन लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

ये दुकानें जली

इस अग्निकांड में कपड़ों की दो दुकानें, एक जूते की दुकान, एक करियाना स्टोर और एक घड़ी की दुकान पूरी तरह जल गई। दुकानों में रखा सारा सामान नष्ट हो गया, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा, जिन दुकानदारों की दुकानें आग की भेंट चढ़ीं, उनमें महेंद्र गुप्ता, पंकज गुप्ता, राजीव गुप्ता, किशन लाल, नरेश गुप्ता, रमेश ठाकुर, भुवनेश्वर शर्मा, हरीश गुप्ता, कुलदीप गुप्ता और नरेंद्र गुप्ता शामिल हैं।

मशीनों से हटाया मलबा

अग्निकांड में चार घर व आठ दुकानें चपेट में आई हैं। अब तक करीब दो करोड़ रुपए के नुकसान का आकलन किया गया है। दो जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है और गायब लोगों को रेस्क्यू करने की प्रक्रिया जारी है।

सिलिंडर फटने से बिगड़ी स्थिति

बताया जा रहा है एक पुराना लकड़ी का घर था, जिसमें से चिंगारी भड़की। इसके बाद सिलिंडर फटने से स्थिति बिगड़ गई व अन्य घरों व दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर अर्की के विधायक संजय अवस्थी भी बचाव कार्यों पर नजर बनाए हुए हैं।

सीएम ने घटना पर जताया दुख

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अर्की में पेश आई आग की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि अभी तक एक शव बरामद कर लिया गया है। एसडीआरएफ की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। स्थानीय विधायक संजय अवस्थी खुद मौके पर हैं और उनसे लगातार बात हो रही है। जो लोग फंसे हुए हैं उन्हें बचाने का काम किया जा रहा है।

अनुराग ने भी जताई संवेदना

वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने भी इस घटना पर दुख जताया है। साथ ही सरकार से पीड़ित परिवारों की उचित सहायता करने का आग्रह किया है। 

Solan Fire

तीन जगह से मंगवाए दमकल वाहन

उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा का कहना है कि चार घर व आठ दुकानें आग की चपेट में आए हैं। यूको बैंक के पास पुराने बस स्टैंड अर्की में पौने तीन बजे के करीब घरों में भीषण आग लग गई। शिमला के बालूगंज, सोलन के बनलगी, अंबुजा सीमेंट कंपनी से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। 

सिलिंडर फटने से बेकाबू हुई आग

आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग के दौरान घरों में सिलिंडर भी ब्लास्ट हुए हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।

Solan Arki Fire

आग लगने का क्या है कारण?

प्रशासन के अनुसार कुछ लोगों के अब भी आग की चपेट में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि कमरे में अंगीठी जलाई हुई थी, जिससे आग भड़की।

एक परिवार के चार व दूसरे के पांच सदस्य लापता

  1. कांशीराम पुत्र हरिराम उम्र 42 वर्ष निवासी सलयान जिला करनाली प्रदेश नेपाल। 
  2. महिला टीका पत्नी कांशीराम उम्र 30 वर्ष निवासी सलयान जिला करनाली प्रदेश नेपाल। 
  3. कुमारी अनु पुत्री कांशीराम उम्र 13 वर्ष निवासी सलयान जिला करनाली प्रदेश नेपाल। 
  4. संदीप सुपुत्र कांशीराम उम्र आठ वर्ष निवासी सलयान जिला करनाली प्रदेश नेपाल। 
  5. धन बहादुर उम्र 33 वर्ष निवासी सलयान जिला करनाली प्रदेश नेपाल। 
  6. कविता पत्नी धनबहादुर उम्र 32 वर्ष निवासी सलयान जिला करनाली प्रदेश नेपाल। 
  7. राधा पुत्री धनबहादुर उम्र 16 साल निवासी सलयान जिला करनाली प्रदेश नेपाल। 
  8. रिहानु पुत्री धन बहादुर उम्र 11 साल निवासी सलयान जिला करनाली प्रदेश नेपाल। 
  9. रेजन सुपुत्र धन बहादुर उम्र 18 माह निवासी सलयान जिला करनाली प्रदेश नेपाल।

यह भी पढ़ें: हिमाचल: सोलन के अर्की में कैसे हुआ भीषण अग्निकांड, लापरवाही का नतीजा या साजिश? उपायुक्त ने दिया जांच का आदेश