विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में 22 हजार रिश्वत लेते पकड़ा वन विभाग का BO सस्पेंड, खैर कटान की फाइल आगे बढ़ाने के लिए मांगी थी रकम

By Suneel Kumar Sharma Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 14 Sep 2026 06:35 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के बद्दी में खैर कटान की अनुमति से जुड़ी फाइल आगे बढ़ाने के एवज में 22 हजार रुपये ...और पढ़ें

हिमाचल वन विभाग का बीओ रिश्वत मामले में सस्पेंड कर दिया गया है। प्रतीकात्मक फोटो

हिमाचल वन विभाग का बीओ रिश्वत मामले में सस्पेंड कर दिया गया है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. वन विभाग के बीओ सतीश कुमार रिश्वत लेते गिरफ्तार।

  2. खैर कटान फाइल आगे बढ़ाने को मांगी थी रिश्वत।

  3. विजिलेंस कार्रवाई के बाद वन विभाग ने किया निलंबित।

जागरण संवाददाता, सोलन। हिमाचल प्रदेश के बद्दी में खैर कटान की अनुमति से जुड़ी फाइल आगे बढ़ाने की एवज में 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए वन विभाग के पट्टा ब्लॉक ऑफिसर (बीओ) सतीश कुमार पर विभागीय गाज गिरी है। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की बद्दी टीम की ओर से रंगे हाथ गिरफ्तार किए जाने के बाद वन विभाग ने सोमवार को उन्हें निलंबित कर दिया है।

सतीश कुमार को बीते शुक्रवार को विजिलेंस टीम ने पट्टा स्थित वन विभाग के कार्यालय में कथित तौर पर 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।

विजिलेंस ने दर्ज किया है मामला

आरोप है कि उन्होंने खैर कटान से संबंधित अनुमति और फाइल को आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। इस मामले में विजिलेंस ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत मामला दर्ज किया है। 

अरण्यपाल ने जारी किया निलंबन आदेश

आरोपित बीओ की गिरफ्तारी के बाद डीएफओ कुनिहार राज कुमार शर्मा ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनके निलंबन के लिए अरण्यपाल, वन वृत्त बिलासपुर को पत्र भेजा था। इसके बाद सोमवार को अरण्यपाल वन वृत्त बिलासपुर मृत्युंजय माधव ने सतीश कुमार को नियमानुसार निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।

क्या कहते हैं अधिकारी

डीएफओ कुनिहार राज कुमार शर्मा ने बताया कि बीओ की गिरफ्तारी के बाद निलंबन के लिए अरण्यपाल कार्यालय को पत्र भेजा गया था। वहीं, अरण्यपाल वन वृत्त बिलासपुर मृत्युंजय माधव ने पुष्टि की कि सोमवार को नियमानुसार सतीश कुमार को निलंबित कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल पुलिस का धर्मकोट में रेव पार्टी पर शिकंजा, चिट्टा-अफीम व नशे की अन्य खेप समेत 15 काबू 

यह भी पढ़ें: हिमाचल के CBSE स्कूलों में स्टाफ ने 3 बार हाजिरी न लगाई तो कटेगा वेतन, विभाग ने अटेंडेंस टाइमिंग की तय