विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के सिरमौर में साफ मौसम में ढह गया तीन मंजिला मकान, मां और गर्भवती बेटी की मौत; 2 बच्चियों की हालत गंभीर

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 12 Aug 2026 03:36 PM (GMT+05:30)Updated: Wed, 12 Aug 2026 04:13 PM (GMT+05:30)

हिमाचल के सिरमौर जिले के राजगढ़ में भारी बारिश के बाद एक तीन मंजिला मकान ढह गया, जिसमें मां और ...और पढ़ें

HighLights

  1. सिरमौर के राजगढ़ में तीन मंजिला मकान ढहा।

  2. मां और मायके आई गर्भवती बेटी की मौत।

  3. हादसे में दो डेढ़ वर्षीय बच्चियां घायल हुईं।

जागरण टीम, नाहन। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बाद बुधवार को खिली धूप के बीच एक मकान ढह गया। जिला सिरमौर के राजगढ़ में हुए दुखद हादसे में मां और मायके आई गर्भवती बेटी की मलबे में दबकर मौत हो गई। इस हादसे में दो बच्चियां भी घायल हुई हैं, एक बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद सोलन अस्पताल रेफर किया गया है। 

सिरमौर में यह दूसरा बड़ा हादसा हुआ है, पहले श्रीरेणुका जी क्षेत्र में रात को एक गाड़ी के गहरी खाई में गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई व 9 घायल हो गए।

अचानक भरभरा गया मकान

पंचायत दीदग के छिछड़ियाधार गांव में बुधवार दोपहर को यह हादसा हुआ है। भीम सिंह का तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद उनकी पत्नी, मायके आई विवाहित बेटी तथा दो मासूम बच्चियां मलबे में दब गईं। हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई व दोनों डेढ़ वर्षीय बच्चियां घायल हैं। बताया जा रहा है जमीन धंसने के कारण पलभर में ही मकान जमींदोज हो गया। 

Sirmaur House Collapse 2

युवाओं ने मलबे से निकाले परिवार के सदस्य

मकान गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए व तुरंत जान की परवाह किए बिना राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। युवाओं ने मलबे में दबे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया।

मां-बेटी अस्पताल में मृत घोषित

सिविल अस्पताल राजगढ़ में 60 वर्षीय निर्मला पत्नी भीम सिंह और 32 वर्षीय पूजा पत्नी अमित राणा को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि डेढ़ वर्षीय ईरा की हालत नाजुक है, उसे सोलन रेफर किया गया है। इसके अलावा डेढ़ साल की अबियाना का राजगढ़ अस्पताल में में उपचार जारी है।

दो महिलाएं बाल-बाल बचीं

इस हादसे में मृतका पूजा की सास और घर की बहू कुछ देर पहले घर से बाहर आई थीं, जो मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। घर के मुखिया भीम सिंह व उनके बेटे घर से बाहर थे। 


यह भी पढ़ें: शिमला में भारी बारिश व भूस्खलन से खतरे में भवन, 6 वाहन मलबे में दबे, सड़क पर पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित

यह भी पढ़ें: हिमाचल में भारी बारिश ने कांगड़ा घाटी रेल सेवा की बाधित, भूस्खलन से तलाड़ा के पास ट्रैक क्षतिग्रस्त