विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में भारी बारिश से कांगड़ा घाटी रेल सेवा बाधित, भूस्खलन से तलाड़ा के पास ट्रैक हुआ क्षतिग्रस्त

By Dinesh Katoch Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 11 Aug 2026 02:53 PM (GMT+05:30)Updated: Tue, 11 Aug 2026 03:21 PM (GMT+05:30)

हिमाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश के कारण कांगड़ा घाटी रेल सेवा बाधित हो गई है। जसूर रेलवे स्टेशन के ...और पढ़ें

तलाड़ा के पास ट्रैक क्षतिग्रस्त होने से कांगड़ा घाटी रेल सेवा बाधित हो गई है। जागरण

तलाड़ा के पास ट्रैक क्षतिग्रस्त होने से कांगड़ा घाटी रेल सेवा बाधित हो गई है। जागरण

HighLights

  1. भारी बारिश से कांगड़ा घाटी रेल सेवा बाधित।

  2. तलाड़ा के पास रेलवे ट्रैक पर मलबा, धंसा हिस्सा।

  3. यात्रियों को परेशानी, मरम्मत कार्य में लगेगा समय।

संवाद सूत्र, नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कांगड़ा घाटी रेल सेवा पर ब्रेक लगा दी है। जसूर रेलवे स्टेशन के समीप तलाड़ा क्षेत्र में बारिश के कारण भारी मात्रा में मलबा रेलवे ट्रैक पर आ गया। मलबा आने के साथ ट्रैक का एक हिस्सा भी धंस गया है। इस कारण रेलवे ट्रैक पर रेल यातायात प्रभावित हो गया और रेल सेवाओं को एहतियातन रोक दिया गया है।

बरसात के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में तलाड़ा के पास रेलवे ट्रैक पर मलबा आने से रेलवे की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ट्रैक पर मलबा जमा होने के कारण रेलगाड़ियों की आवाजाही को सुरक्षित तरीके से संचालित करना संभव नहीं रहा। वहीं, ट्रैक के बैठने से स्थिति और गंभीर हो गई है।

रेलवे टीम ने लिया जायजा

लगातार बारिश के कारण रेलवे ट्रैक के आसपास की मिट्टी खिसकने से ट्रैक की स्थिति प्रभावित हुई है। तलाड़ा क्षेत्र में मलबा आने के बाद रेलवे कर्मचारियों और संबंधित विभाग की टीम ने मौके का जायजा लिया। ट्रैक को साफ करने के साथ-साथ उसकी स्थिति की जांच की जा रही है, ताकि रेल यातायात को दोबारा शुरू करने से पहले यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

दो ट्रेन कर रही थीं अप-डाउन

पठानकोट-जोगेंद्रनगर रेलमार्ग पर वर्तमान में दो जोड़ी रेल सेवाएं अप-डाउन कर रही थी। सीमित रेल सेवाओं के बीच ट्रैक पर मलबा आने और धंसने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। बरसात के कारण रेल सेवा को फिलहाल विराम देना पड़ा है। इससे नौकरी, व्यापार, शिक्षा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए रेल से सफर करने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को अब ट्रैक के दुरुस्त होने और मौसम के सामान्य होने का इंतजार करना पड़ेगा। 

मरम्मत कार्य में लग सकता है समय

रेलवे की ओर से प्रभावित ट्रैक से मलबा हटाने और ट्रैक की स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि लगातार बारिश होने की स्थिति में मरम्मत कार्य में भी समय लग सकता है।

ट्रैक की जांच के बाद ही बहाली

रेल यातायात शुरू करने से पहले प्रभावित हिस्से की पूरी तरह जांच की जाएगी। ट्रैक के बैठने की स्थिति को देखते हुए यह जरूरी होगा कि लाइन को तकनीकी रूप से सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही रेलगाड़ियों का संचालन दोबारा शुरू किया जाए। फिलहाल यात्रियों की निगाहें रेलवे की अगली सूचना पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में पहाड़ी से गिरे मलबे में फंस गई सवारियों से भरी HRTC बस, ऊना के भाखड़ा रोड की घटना; सहम गए यात्री