हिमाचल में पहाड़ी से गिरे मलबे में फंस गई सवारियों से भरी HRTC बस, ऊना के भाखड़ा रोड की घटना; सहम गए यात्री
हिमाचल प्रदेश के ऊना में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण थानाकलां-भाखड़ा रोड पर एक एचआरटीसी बस दलदल में फंस गई, जिससे यात्री सहम गए।
HighLights
ऊना में भारी बारिश से एचआरटीसी बस दलदल में फंसी।
थानाकलां-भाखड़ा रोड पर भूस्खलन, यात्री सुरक्षित निकाले गए।
स्थानीय लोग स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
संवाद सहयोगी, बंगाणा (ऊना)। हिमाचल प्रदेश में आफत की बारिश ने जनजीवन बेहाल कर दिया है। ऊना में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण एक एचआरटीसी बस दलदल में फंस गई। बस सवारियों से भरी हुई थी, लोग बस के फंसने से सहम गए। यह वाकया थानाकलां-भाखड़ा रोड पर कोलका के समीप पेश आया। सड़क पर अत्यधिक कीचड़ और दलदल होने के कारण बस आगे नहीं बढ़ सकी। स्थिति को देखते हुए मशीनरी की सहायता से बस को खाली करवाकर सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान बस में सवार यात्रियों को भी नीचे उतरना पड़ा।
बार-बार गिर रहा मलबा
स्थानीय लोगों के अनुसार कोलका के समीप यह स्थान बरसात के मौसम में लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ है। अधिक बारिश होने पर यहां पहाड़ी से लगातार मलबा और ल्हासे गिरते रहते हैं, जिससे सड़क पर यातायात बाधित हो जाता है। करीब 40 से 50 मीटर के हिस्से में बार-बार मलबा गिरने के कारण सड़क की स्थिति खराब बनी रहती है।

स्थायी समाधान न होने से बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से यह समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। पिछले वर्ष भी इस स्थान पर कई दिनों तक यातायात प्रभावित रहा था। मार्ग बंद होने के कारण क्षेत्र के लोगों को अतिरिक्त दूरी तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा था।
बरसात में रहता है हर पल खतरा
स्थानीय निवासी मनोज कुमार धीमान, चंदन, सतीश कुमार, सुरेश कुमार, प्रेमचंद धीमान, अश्विनी कुमार, कमल देव और उत्तम चंद सहित अन्य लोगों ने लोक निर्माण विभाग से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान यह स्थान विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए बेहद जोखिम भरा हो जाता है। पहाड़ी से मलबा गिरने और सड़क पर दलदल बनने के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी काफी खड़ी और ऊंची होने के कारण मलबा हटाने में भी दिक्कत आती है। ऐसे में विभाग को इस संवेदनशील हिस्से की स्थायी सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
क्या कहते हैं अधिकारी
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता सचिन पटियाल ने बताया कि पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण मार्ग अवरुद्ध होता है। विभाग ने मौके पर जेसीबी मशीन तैनात कर रखी है। मार्ग बाधित होने पर मशीन की सहायता से तुरंत सड़क बहाल कर यातायात सुचारू किया जाता है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में पिता की हैवानियत, 6 साल के मासूम को रावी नदी में फेंका, फिर पुलिस के पास पहुंचकर कबूल लिया गुनाह
