विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

3.50 लाख हाटी समुदाय के लोगों को मिलेगा ST दर्जा बरकरार रहने का लाभ, सिरमौर के कौन से क्षेत्र शामिल?

Published: Sat, 28 Nov 2026 01:10 PM (IST)Updated: Sat, 28 Nov 2026 01:35 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा बरकरार रखने के हिमाचल हाई कोर्ट के फैसले से लगभग 3.5 लाख लोगों को लाभ मिलेगा। 

हाटी समुदाय के लोग एसटी का दर्जा मिलने के बाद झूमते हुए। जागरण आर्काइव

हाटी समुदाय के लोग एसटी का दर्जा मिलने के बाद झूमते हुए। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा बरकरार रखा गया।

  2. हिमाचल हाई कोर्ट के फैसले से 3.5 लाख लोगों को लाभ।

  3. दशकों पुराने संघर्ष को मिली कानूनी मजबूती और राहत।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र में हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा बरकरार रहने से करीब साढ़े तीन लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के फैसले से दशकों पुराने संघर्ष को नई मजबूती मिली है। इस मांग को लेकर वर्ष 1968 से प्रयास किए जा रहे थे।

खास बात यह है कि हाटी समुदाय को एसटी दर्जा दिलाने का मुद्दा किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं रहा। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल से लेकर पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप तक अलग-अलग समय में इस मांग को आगे बढ़ाते रहे।

उद्योग मंत्री एवं शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान ने हाई कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए इसे ट्रांस-गिरी क्षेत्र के लोगों के लंबे संघर्ष की जीत बताया। उन्होंने कहा कि करीब तीन साल से हाई कोर्ट में लंबित मामले में फैसला आने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। केंद्र सरकार की ओर से जारी अधिसूचना को चुनौती देने वाली याचिका खारिज होने से हाटी समुदाय को मिले एसटी दर्जे पर कानूनी स्थिति और मजबूत हुई है।

इन क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा लाभ

हर्षवर्धन चौहान के अनुसार ट्रांस-गिरी क्षेत्र में पूरा शिलाई विधानसभा क्षेत्र, रेणुका विधानसभा क्षेत्र और राजगढ़ तहसील शामिल हैं। इसके अलावा पांवटा साहिब तहसील की 14 पंचायतें भी इस क्षेत्र का हिस्सा हैं। इन क्षेत्रों की कुल आबादी करीब तीन से साढ़े तीन लाख है। उन्होंने कहा कि इस आबादी में लगभग 20 से 25 प्रतिशत ओबीसी और 30 प्रतिशत अनुसूचित जाति वर्ग के लोग हैं। अन्य क्षेत्रों से भी एसटी दर्जे की मांग उठने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसके लिए निर्धारित मापदंडों को पूरा करना आवश्यक है।

वीरभद्र और धूमल ने भी की थी पैरवी

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हाटी समुदाय को एसटी दर्जा दिलाने के लिए अलग-अलग सरकारों और नेताओं ने प्रयास किए। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल ने भी इस मामले को सरकार के स्तर पर आगे बढ़ाया था।

पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप ने तत्कालीन प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के समक्ष भी यह मांग उठाई थी। उन्होंने स्वयं दो बार विधानसभा में प्रस्ताव लाकर केंद्र सरकार को भेजे थे। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के ट्राइबल विभाग से क्षेत्र का सर्वेक्षण करवाकर निर्धारित मानकों के आधार पर रिपोर्ट भी तैयार करवाई गई थी।

तीन साल हाई कोर्ट में चला मामला

मंत्री ने बताया कि संसद से कानून पारित होने और हिमाचल सरकार की ओर से अधिसूचना जारी होने के बाद चार जनवरी 2024 को हाई कोर्ट में मामला पहुंच गया था। इसके बाद करीब तीन साल तक कानूनी लड़ाई चली। उन्होंने इस मामले में पूर्व एडवोकेट जनरल श्रवण डोगरा की पैरवी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मजबूती से पक्ष रखा। दो दिन तक चली सुनवाई में प्रभावी ढंग से दलीलें रखी गईं। उन्होंने मुख्यमंत्री, सरकार और मामले से जुड़े सभी अधिवक्ताओं का आभार जताया।

राजनीतिक श्रेय की नहीं, सामाजिक संघर्ष की जीत

भाजपा की ओर से फैसले को अपनी जीत बताए जाने पर चौहान ने कहा कि हाटी समुदाय का मुद्दा सामाजिक है, इसे राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है। इस संघर्ष में कांग्रेस, भाजपा और अन्य दलों से जुड़े लोगों का योगदान रहा है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठा था। 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शिलाई क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए आने के बावजूद शिलाई और रेणुका दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी। इससे स्पष्ट है कि यह मुद्दा किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की सामूहिक मांग रहा है।

यह भी पढ़ें: सिरमौर के हाटी समुदाय को हिमाचल हाई कोर्ट से बड़ी राहत, ST का दर्जा बहाल; एससी पक्ष की याचिका खारिज की 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।