विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिरमौर के हाटी समुदाय को हिमाचल हाई कोर्ट से बड़ी राहत, ST का दर्जा बहाल; एससी पक्ष की याचिका खारिज की

Published: Sat, 28 Nov 2026 12:16 PM (IST)Updated: Sat, 28 Nov 2026 12:32 PM (IST)

हिमाचल हाई कोर्ट ने सिरमौर के गिरीपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को बड़ी राहत दी है, उनके अनुसूचित जनजाति (एसटी) दर्जे को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी है। 

हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट का शिमला स्थित परिसर। जागरण आर्काइव

हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट का शिमला स्थित परिसर। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. हाटी समुदाय के एसटी दर्जे को हाई कोर्ट ने बहाल किया।

  2. संसद के कानून में हस्तक्षेप का अधिकार हाई कोर्ट को नहीं।

  3. एससी समुदाय की याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया।

विधि संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर के गिरीपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। केंद्र सरकार की ओर से हाटी समुदाय को दिए गए अनुसूचित जनजाति (एसटी) दर्जे को चुनौती देने वाली याचिका को हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया और समुदाय के एसटी के दर्जे को बहाल कर दिया है।

यह अधिकार संसद का

हाई कोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि केंद्रीय संसद द्वारा पारित कानून के खिलाफ हाई कोर्ट कोई रोक या संशोधन नहीं कर सकती। किस समुदाय को एसटी सूची में शामिल करना है या नहीं, यह तय करने का अधिकार केवल संसद के पास है।

सुप्रीम कोर्ट के पहले से तय फैसलों में हस्तक्षेप नहीं

हाटी समुदाय की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता श्रवण डोगरा और अशोक शर्मा ने इसे ऐतिहासिक फैसला बताया है और कहा है कि आज के फैसले में हाई कोर्ट ने पहले से स्थापित कानून की पुष्टि की है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि सुप्रीम कोर्ट के पहले से तय फैसलों में हस्तक्षेप करने का कोई दायरा नहीं है।

सात जजों की पीठ के फैसले का भी हवाला

डोगरा ने बताया कि उनकी ओर से प्रारंभिक आपत्ति उठाई गई थी कि हाटी समुदाय को संसद के माध्यम से एसटी सूची में शामिल किए जाने के बाद क्या हाई कोर्ट इसमें हस्तक्षेप कर सकता है। अदालत ने पहले इसी कानूनी सवाल पर सुनवाई की। "सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों और सात जजों की पीठ के फैसले का भी हवाला दिया गया।

हाई कोर्ट ने कहा कि स्थापित कानूनी स्थिति के रहते इस मामले में हस्तक्षेप की कोई गुंजाइश नहीं है। सुप्रीम कोर्ट में अपील की संभावना पर उन्होंने कहा कि किसी को भी सुप्रीम कोर्ट जाने से रोका नहीं जा सकता, लेकिन सुप्रीम कोर्ट की बड़ी पीठों के कानून को देखते हुए अपील में सफलता की उम्मीद नहीं दिखती।

एससी समुदाय के वकील ने भी किया फैसले का स्वागत

वहीं इस मामले में याचिका दायर करने वाले एससी समुदाय के वकील अनिल कुमार मंगेट ने भी हाई कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। केंद्र सरकार ने कोर्ट में रिप्लाई दिया है कि जो एससी कम्युनिटी पहले से लिस्ट में हैं, उनको उस लिस्ट से बाहर नहीं किया जाएगा। अगर एससी समुदाय के हक पहले की तरह बरकरार रहते हैं तो हमारी भी जीत है। अब नई एससी समिति बनी है, जिसके अध्यक्ष सुरेंद्र धर्मा हैं। आगे सुप्रीम कोर्ट जाने या न जाने का फैसला वही कार्यकारिणी लेगी।"

हाटी समुदाय ने किया स्वागत

वहीं हाटी समुदाय ने हाई कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि गिरिपार के लाखो लोगों को हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। लंबे वक्त से लोग इसके लिए लड़ाई लड़ रहे थे आज हाई कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाकर बड़ी राहत दी है।

पूर्व सीएम जयराम बोले- 6 दशक बाद हक मिलेगा

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने हाई कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि छह दशक लंबी लड़ाई के बाद अब हाटी समुदाय को उनका हक मिलेगा।

यह भी पढ़ें: परिसीमन से हिमाचल की राजनीतिक तस्वीर बदलेगी, लोकसभा की सीटें छह और विधानसभा की 68 से 102 होने का अनुमान 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।