बहन को भगाने पर भाई ने आरोपी के पिता को मारी गोली, सिरमौर पुलिस ने 8 दिन बाद सुलझाई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पुलिस ने आठ दिन बाद एक ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा ली है। आरोपी ...और पढ़ें

सिरमौर पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा ली है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
पुलिस ने आठ दिन में ब्लाइंड मर्डर सुलझाया।
मृतक के बेटे ने आरोपी की बहन को भगाया था।
रंजिश में आरोपी ने खजान सिंह को गोली मारी।
जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पुलिस ने 8 दिन बाद ब्लाइंड मर्डर गुत्थी सुलझाई है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मृतक का बेटा आरोपित युवक की बहन को भगाकर ले गया था। इसी रंजिश में उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
बाइक पर सवार खजान सिंह को मारी थी गोली
पुलिस के अनुसार 10 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:20 बजे रविंद्र सिंह अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल नंबर एचपी 71ए-4396 पर चांदपुर धार से अपने घर क्यारटा पिपलटी लौट रहा था। इसी दौरान कोटी उतरोऊ मोड़ के पास अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। कुछ ही पल बाद मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा खजान सिंह नीचे गिर गया।
हेलमेट में मिली थी गोली
रविंद्र सिंह जब घर पहुंचा तो उसने हेलमेट की जांच की। हेलमेट के पिछले हिस्से में छेद था और उसके अंदर से चांदी रंग की धातु की एक गोली बरामद हुई। उसके सिर और पीठ पर भी चोटें आई थीं। इसी बीच उसे सूचना मिली कि उसके भाई खजान सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई है। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गोली चलाकर हत्या करने का संदेह जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।
ब्लाइंड मर्डर की जांच के लिए गठित की थी एसआईटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने डीएसपी मानवेंद्र सिंह ठाकुर की अगुवाई में एसआईटी का गठन किया। टीम ने जांच आगे बढ़ाई।
कथयाड निवासी विनोद गिरफ्तार
आखिरकार पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए 18 नवंबर बुधवार को विनोद पुत्र ग्यार सिंह निवासी गांव कथयाड, डाकघर टिंबी, तहसील शिलाई को गिरफ्तार कर लिया।
रिमांड पर लेगी पुलिस
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके।
यह भी पढ़ें: देश के लिए बलिदान फौजी की बहन 5 साल से नौकरी के लिए भटक रही, CM सुक्खू से गुहार लगाने धर्मशाला पहुंची
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।