हिमाचल: कालाअंब में पिटाई के बाद हरियाणा के युवक की मौत पर बवाल, ...आपत्तिजनक सामग्री खिलाई; नाहन में प्रदर्शन
कालाअंब में तीन हिमाचली मजदूर युवकों की पिटाई के बाद एक युवक लखनपाल की मौत हो गई। इस घटना के ...और पढ़ें

नाहन में प्रदर्शन करते हरियाणा के नारायणगढ़ के लोग। जागरण
HighLights
कालाअंब में तीन मजदूरों की पिटाई, एक की मौत।
नाहन में सीटू और किसान सभा का विरोध प्रदर्शन।
पीड़ित परिवार को सुरक्षा, आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, नाहन। हरियाणा से सटे कालाअंब क्षेत्र की शिवालिक कॉलोनी में गत दिनों तीन मजदूर युवकों की पिटाई के बाद एक युवक की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर वीरवार को नाहन में सीटू और हिमाचल किसान सभा के बैनर तले पीड़ित परिजनों और संगठनों ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसपी से मिलने के बाद प्रदर्शनकारी हरियाणा के नारायणगढ़ के लिए रवाना हुए।
पीजीआई में उपचार के दौरान मौत
यह मामला जिला सिरमौर के ददाहू क्षेत्र के चूली गांव के तीन युवकों लखनपाल, विजय और नीरज से जुड़ा है, जो कालाअंब क्षेत्र में मजदूरी करते थे। आरोप है कि इन तीनों के साथ अमानवीय और बर्बर तरीके से मारपीट हुई, जिसमें लखनपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे पीजीआई ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोश
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। इसी क्रम में वीरवार को नाहन में हुए प्रदर्शन के बाद हिमाचल किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, सीटू राज्य सचिव आशीष कुमार, किसान सभा जिला अध्यक्ष सतपाल मान, इंद्रजीत, महिला मंडल की अध्यक्ष सीता देवी, शेर सिंह, जनवादी महिला समिति से रेनू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और लोग पुलिस अधीक्षक जिला सिरमौर से मिले।
फोन पर भी धमकी दी
प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवारों को सुरक्षा, गवाहों को संरक्षण देने और किसी भी तरह की ढिलाई या दबाव न बनाने की मांग रखी। परिजन ने आरोप लगाते हुए कहा कि हमले के बाद आरोपितों की ओर से फोन कर धमकियां दी गईं और बच्चों को छोड़ने के बदले पैसों की मांग की गई।
पीड़ितों को आपत्तिजनक सामग्री खिलाई
आरोप है कि घटना के दिन साहिल शर्मा और सुनील शर्मा सहित पांच से सात अन्य लोगों ने जबरदस्ती मारपीट की और इस दौरान पीड़ितों को आपत्तिजनक सामग्री खिलाई गई। पीड़ितों को बेहद बेरहमी से पीटा गया, लेकिन इसके बावजूद नारायणगढ़ थाने में मामला बहुत कमजोर धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
सीटू जिला महासचिव आशीष कुमार ने कहा कि संगठन इस मामले में चुप नहीं बैठेगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार से भी इस मामले का तुरंत संज्ञान लेने और राज्य से बाहर काम कर रहे हिमाचली कामगारों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
यह भी पढ़ें: हिमाचल हाईकोर्ट के बाद धर्मशाला कोर्ट में भी बम की धमकी, पुलिस ने परिसर किया खाली; नालागढ़ धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
यह भी पढ़ें: हिमाचल: प्रेमिका से मिलने आए हरियाणा के युवक को लोगों ने बेरहमी से पीटकर मार डाला, चंडीगढ़ से टैक्सी में पहुंचा था बंजार
