यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 04, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
धार्मिक ग्रंथ जलाने पर पांवटा साहिब में तनाव
पांवटा साहिब उपमंडल के धार्मिक स्थलों में बार-बार आगजनी की घटनाओं से क्षेत्र में तनाव है।

नाहन, जागरण संवाददाता। पांवटा साहिब उपमंडल के एक धार्मिक स्थल में शरारती तत्वों ने धार्मिक ग्रंथ को आग के हवाले कर दिया। इस घटना का पता सोमवार तड़के उस समय चला, जब उस समुदाय विशेष के लोग वहां पहुंचे। उन्होंने वहां पर धार्मिक ग्रंथ के जले हुए टुकड़े देखे और इसकी सूचना तुरंत स्थानीय कमेटी को दी। कमेटी ने इस बारे में पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही माजरा थाने की पुलिस व पांवटा के डीसपी प्रमोद चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है। पांवटा साहिब उपमंडल के धार्मिक स्थलों में बार-बार आगजनी की घटनाओं से क्षेत्र में तनाव है। धार्मिक स्थल के बाहर सैकड़ों की तादाद में लोगों ने एकत्रित होकर पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं, क्षेत्र के लोग बार-बार हो रही इस तरह की घटनाओं को लेकर पुलिस विभाग से खासे नाराज दिखे।
इस घटना से समुदाय विशेष के लोगों में आक्रोश है। गुस्साएं लोगों ने नेशनल हाइवे 07 पर मिश्रवाला में करीब एक घंटे तक चक्का जाम किया। प्रशासन ने स्थिति को तनावपूर्ण देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम एचएच राणा, डीएसपी प्रमोद चौहान व जिला सिरमौर के एसपी रोहित मालपानी के ग्रामीणों को समझाने के बाद एनएच बहाल किया गया।
लोगों का कहना है कि शरारती तत्वों द्वारा आपसी भाईचारे में दरार पैदा करने के लिए इस तरह की हरकते की जा रही हैं, मगर अभी तक पुलिस को इन शरारती तत्वों का पता नहीं चल पा रहा है। लोगों ने जल्द से जल्द शरारती तत्वों को गिरफ्तार करने की मांग की है। लोगों का यह भी कहना है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा कर लोगों को बांटने की कोशिश की जा रही है। एसपी रोहित मालपानी की शरारती तत्वों की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।