Himachal Weather Update: हिमाचल में आज से 23 नवंबर तक साफ रहेगा मौसम, कल चोटियों पर हो सकता है हिमपात
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में 23 नवंबर तक निचले व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम में किसी प्रकार का कोई परिवर्तन होने की संभावना कम है। हालांकि 19 नवंबर को अधिक ऊंचाई वाले जनजातीय क्षेत्रों में हल्का हिमपात हो सकता है।
शिमला, राज्य ब्यूरो। Himachal Weather Update, 23 नवंबर तक प्रदेश के निचले व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम में किसी प्रकार का कोई परिवर्तन होने की संभावना कम है। 19 नवंबर को अधिक ऊंचाई वाले जनजातीय क्षेत्रों में हल्का हिमपात हो सकता है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल का कहना है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। वीरवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।
लाहुल-स्पीति में 85 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में 85 सड़कें बंद हैं। प्रदेशभर में 96 सड़कों को बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। कुल्लू जिला के तहत मनाली उपमंडल में खराब हुए ट्रांसफार्मर को ठीक किया जा रहा है। लाहुल स्पीति के लाहुल व उदयपुर मंडल में पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। हिमपात के बाद अब मनाली-लेह मार्ग को यातायात के लिए खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। सीमा सड़क संगठन की ओर से बारालाचा में बर्फ हटाई जा रही है।
वीरवार को कहां कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस)
स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
शिमला,5.2,15.0
सुंदरनगर,4.3,23.6
भुंतर,4.5,21.5
कल्पा,-1.0,13.4
धर्मशाला,7.2,21.0
ऊना,8.5,27.0
केलंग,-6.5,4.2
सोलन,4.1,23.0
मनाली,0.6,14.0
हमीरपुर,7.2,22.3
डलहौजी,4.9,13.4
कुफरी,3.9,11.1
रिज मैदान पर तारों में उलझकर गिरी पर्यटक
राजधानी शिमला में चंडीगढ़ से घूमने आई पर्यटक दोपहर के समय रिज मैदान पर तारों में उलझकर गिर गई। इससे उसकी बाजू में चोट आई है। रिज मैदान से पदम देव परिसर वाले रास्ते पर वीरवार सुबह ये तारें रखी गई थीं। चंडीगढ़ से शिमला घूमने आई 70 वर्षीय संतोष सिद्धू इन तारों में फंसकर गिर गई। इस घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने रिज मैदान के बीच बिछी तार को किनारे कर दिया। बिजली बोर्ड के फोरमैन रामसरन ने कहा कि तारें बिछाने के लिए यहां रखी गई थीं जो अंडरग्राउंड होंगी। रिज पर मरम्मत का कार्य चल रहा है। इस कारण तारें बिछाने में देर हो रही है।