विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में आज से बदलेगा मौसम, निचले इलाकों में तेज बारिश का अलर्ट; पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना

Published: Thu, 12 Nov 2026 07:00 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश में 12 और 13 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंधी, बिजली और बारिश का येलो अलर्ट जारी ...और पढ़ें

हिमाचल में आज से बदलेगा मौसम (फाइल फोटो)

हिमाचल में आज से बदलेगा मौसम (फाइल फोटो)

HighLights

  1. हिमाचल में 12-13 नवंबर को आंधी, बारिश, बर्फबारी का अलर्ट

  2. पश्चिमी विक्षोभ से कई जिलों में तेज हवाएं, बिजली चमकने की संभावना

  3. शिमला में न्यूनतम तापमान सोलन से अधिक, रातें गर्म दर्ज

राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश में आज से शुक्रवार तक दो दिन मौसम में बदलाव होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के कई जिलों में आंधी, बिजली चमकने और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 और 13 नवंबर को कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम में इस तरह के बदलाव के बीच प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हैरानी की बात यह है कि राजधानी शिमला की रातें इन दिनों सोलन और बिलासपुर से ज्यादा गर्म हैं।

शिमला में आज न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सोलन में यह 7.0 और बिलासपुर में 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के निचले और मध्यवर्ती इलाकों में अधिकांश जगह मौसम साफ रहा और धूप खिली है। हालांकि ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।

13 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?

12 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ का असर अधिक दिखाई देने का पूर्वानुमान है। इस दिन चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 13 नवंबर को मौसम का असर चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी के साथ शिमला जिले तक पहुंचने का अनुमान है।

इस दिन शिमला सहित संबंधित क्षेत्रों में आंधी, बिजली चमकने और बारिश को लेकर येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 14 नवंबर तक मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान ऊंची चोटियों पर हिमपात और अन्य क्षेत्रों में बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद 15, 16 और 17 नवंबर को प्रदेश भर में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है। लाहुल-स्पीति का कुकुमसेरी राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कल्पा में 2.3 डिग्री, बजौरा में 5.7 डिग्री और मनाली में 5.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा

शिमला में सोलन से 3.6 डिग्री ज्यादा न्यूनतम तापमान

प्रदेश में रात के तापमान के आंकड़ें भी मौसम की अलग तस्वीर दिखा रहे हैं। आमतौर पर ठंडे मौसम के लिए पहचाने जाने वाले शिमला में इन दिनों सोलन के मुकाबले रातें ज्यादा गर्म दर्ज हो रही हैं।

शिमला का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सोलन में यह 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यानी दोनों शहरों के न्यूनतम तापमान में 3.6 डिग्री का अंतर रहा।

बिलासपुर में भी न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शिमला से महज 0.1 डिग्री कम है। इस तरह शिमला का न्यूनतम तापमान बिलासपुर से भी थोड़ा अधिक दर्ज किया गया। हालांकि प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के बिलासपुर में HRTC बस की चपेट में आने से युवक की मौके पर मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

यह भी पढ़ें- बीड़-बिलिंग में पैराग्लाइडिंग के दौरान फिर हादसा, नीचे गिरने से 26 वर्षीय पर्यटक की मौत; परिवार के साथ घूमने आया था हिमाचल





देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।