यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 05, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अमित शाह को शिमला से जवाब देगी कांग्रेस
सरकार ने कल बुलाई कांग्रेस विधायक दल की बैठक, काजल व धीमान नहीं छोड़ेंगे वीरभद्र का साथ

शिमला, राज्य ब्यूरो। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पालमपुर से विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर गए। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिमला के रिज मैदान से चुनाव का माहौल बनाकर गए थे। अब शाह के आक्रामक तेवरों का तोड़ तलाशने के लिए प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री के निजी आवास ओक ओवर में छह मई को शाम छह बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई है।
बैठक के बाद शाह को उन्हीं के अंदाज में जवाब देने के लिए कांग्रेस के कई चेहरों को जिम्मा सौंपा जाएगा। सभी मंत्रियों, मुख्य संसदीय सचिवों व पार्टी विधायकों को बैठक में मौजूद रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रदेश सरकार को राहत देने वाली बात यह है कि कांगड़ा जिला के दोनों निर्दलीय विधायकों पवन काजल व मनोहर धीमान ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ चलने का दम भरा है।
कांग्रेस सरकार के मिशन रिपीट का रोडमैप ओकओवर से समूचे प्रदेश में जाएगा। कांग्रेस विधायक दल की बैठक के लिए संसदीय कार्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पत्र जारी किया है। विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अध्यक्षता में होगी। अब चुप्पी साधने वाले मंत्रियों को मुख्यमंत्री पर होने वाले हमलों का जवाब देना पड़ेगा।'
सुझावों के आधार पर बनेगी रणनीति
बैठक में विधानसभा चुनाव से संबंधित नीति निर्धारण व विचार-विमर्श किया जाएगा। विधानसभा चुनाव के लिए सामने आने वाले सुझावों के आधार पर रणनीति तैयार होगी।
-मुकेश अग्निहोत्री, संसदीय कार्यमंत्री
वीरभद्र के साथ हूं
मैं वीरभद्र सिंह के साथ हूं। इसलिए कांग्रेस विधायक दल की बैठक में शामिल होने के लिए आऊंगा। जहां तक सवाल चुनाव लडऩे का है तो वीरभद्र सिंह जो कहेंगे, वह करूंगा।
-पवन काजल, निर्दलीय एवं सहयोगी विधायक।
फोन आएगा, तभी जाऊंगा
मुझे इस की जानकारी नहीं है कि विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। यदि मुझे मुख्यमंत्री कार्यालय से फोन आएगा तो जरूर जाऊंगा। इससे पहले भी विधायक दल की बैठक के लिए फोन आते थे।
- मनोहर धीमान, निर्दलीय एवं सहयोगी विधायक।
यह भी पढ़ें: सोनिया को परिवार, मोदी को देश की चिंता: अमित शाह
यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश की अन्य खबरें पढऩे के लिए यहां क्लिक करें