ऊना में बनेगा जनरल इंजीनियरिंग क्लस्टर, केंद्र से पहली किस्त को मंजूरी; MSME को मिलेंगी साझा औद्योगिक सुविधाएं
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के टाहलीवाल में जनरल इंजीनियरिंग क्लस्टर स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार ने पहली किस्त जारी करने पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है।

ऊना के टाहलीवाल में जनरल इंजीनियरिंग क्लस्टर बनेगा। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
केंद्र ने टाहलीवाल इंजीनियरिंग क्लस्टर के लिए पहली किस्त को मंजूरी दी।
ऊना के MSME को साझा औद्योगिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
राज्य सरकार को अनुदान हेतु आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल (ऊना) में जनरल इंजीनियरिंग क्लस्टर स्थापित करने की परियोजना आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है। केंद्र सरकार ने इसके लिए पहली किस्त का अनुदान जारी करने पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है। इससे ऊना जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को साझा औद्योगिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ा है।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के विकास आयुक्त कार्यालय ने नौ नवंबर को हिमाचल के उद्योग निदेशक को पत्र जारी कर बताया कि सक्षम प्राधिकारी ने पहली किस्त जारी करने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दी है।
एजेंसी को देने होंगे दस्तावेज
अनुदान जारी होने से पहले राज्य सरकार और परियोजना से जुड़ी एजेंसी को जरूरी दस्तावेज जमा कराने होंगे। इनमें विशेष प्रयोजन इकाई (एसपीवी) के अंशदान और राज्य सरकार की समान हिस्सेदारी जारी होने का प्रमाण शामिल है।
देना होगा प्रमाणपत्र
सरकारी एजेंसी, एसपीवी और एमएसएमई विकास सुविधा कार्यालय के हस्ताक्षर वाली संयुक्त सत्यापन रिपोर्ट के साथ भवन निर्माण और मशीनरी खरीद की स्थिति भी बतानी होगी। इसके अलावा निर्धारित प्रारूप में पूर्व प्राप्ति रसीद एवं शपथपत्र, मदवार व्यय विवरण और परियोजना की शर्तें पूरी होने का चार्टर्ड अकाउंटेंट से प्रमाणित प्रमाणपत्र देना होगा।
आठ दस्तावेज देने होंगे
पहली किस्त के लिए मांगे गए आठ दस्तावेजों में मूल त्रिपक्षीय समझौता, खरीद समिति के गठन का राज्य सरकार का आदेश और मशीनरी खरीद के लिए निविदाओं को अंतिम रूप देने वाली समिति की बैठक की कार्यवाही शामिल है। खरीदी जाने वाली मशीनरी के अंतिम स्वीकृति पत्र के अनुरूप होने का प्रमाण भी देना होगा। केंद्र ने स्पष्ट किया है कि सभी दस्तावेज और प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही अनुदान जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा
हिमाचल उद्योग विभाग को संबंधित एजेंसी के साथ औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। परियोजना से टाहलीवाल क्षेत्र के इंजीनियरिंग आधारित लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में भाई दूज पर महिलाओं के साथ पुरुष कर्मियों को भी छुट्टी, CM सुक्खू ने किया एलान; बंद रहेंगे संस्थान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।