हिमाचल: बर्फबारी का दौर फिर शुरू, कुल्लू-मनाली मार्ग बंद
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी व बारिश का दौर बना हुआ है। मनाली, धर्मशाला व डलहौजी में बर्फबारी शुरू हो गई है।
शिमला [वेब डेस्क] : हिमाचल प्रदेश में बुधवार तक मौसम खराब ही रहेगा। आज भी प्रदेश के कई इलाकों में सुबह से बर्फबारी व बारिश लगी हुई है। हालांकि राजधानी शिमला में आज बर्फबारी व बारिश नहीं हुई। लेकिन धर्मशाला, मनाली व डलहौजी के उंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है। इससे तापामन में भारी गिरावट आ रही है। कल तक मौसम ऐसा ही रहेगा।
यहां भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश में ठंड से अब तक 10 लोगों की मौत
मनाली के माल रोड में बर्फबारी का पर्यटक खूब आनंद ले रहे हैं। शिमला NH-5 का कुछ हिस्सा वाहनों के लिए बहाल हो गया है। लेकिन NH-05 में ही काशंग नाला के पहाड़ी दरकने से यह मार्ग अवरुद्ध हो गया है। इससे अप्पर किन्नौर और काजा में यातायात ठप हाेकर रह गया है। कुफरी से फागू के बीच हल्की फिसलन हो रही है। यहां मिटटी डालकर यातायात बहाल करवाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश की 120 सड़कें अभी भी यातायात के लिए बंद हैं। बर्फबारी से इस समय लाहुल स्पीति को जोड़ने वाले सभी मार्ग बंद हो गए हैं। किन्नौर जिला का भी अधिकांश हिस्सा कट चुका हैं।
यहां भी पढ़ें: पहाड़ों की राह पर भारी पड़ रही नासमझी
मनाली में वाहनों की आवाजाही अब बंद हो गई है। बसें पतलीकूहल व रागड़ी तक ही पहुंच रही है। मनाली में अब फिर से बर्फबारी शुरू हो गई है। चंबा के भी भरमौर व पांगी में बर्फबारी हो रही है। धर्मशाला में धुंध व बारिश से मौसम काफी ठंडा हाे गया है। प्रदेश भर में निगम के करीब 250 बस रूट बंद हो गए हैं। इससे करोड़ों का नुकसान हाे रहा है।