सफेद चादर में सिमटे पहाड़... अटल टनल पर स्नोफॉल से बदला मौसम, हिमाचल में अक्टूबर में ही दिखा दिसंबर वाला नजारा
हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में गुरुवार को तेज बारिश और बर्फबारी हुई, जिससे तापमान में तेजी से गिरावट आई। ...और पढ़ें
HighLights
हिमाचल में गुरुवार को हुई तेज बारिश और बर्फबारी
तापमान में गिरावट, कई इलाकों में 'येलो अलर्ट'
आगामी दिनों में हल्की बारिश और शुष्क मौसम का अनुमान
डिजिटल डेस्क, शिमला। हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में गुरुवार को तेज बारिश और बर्फबारी हुई। जिसके बाद तापमान में तेजी से गिरावट आई है।
अटल टनल से लेकर लाहौल-स्पीति और धौलाधर पर्वत शृंखला में ताजा स्नोफॉल से मौसम का मिजाज बदल गया। धर्मशाला में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान लगभग 11 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया था। IMD अधिकारियों ने गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना जताई थी।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम अधिकारियों ने बताया कि 16 और 17 अक्टूबर को कुछ अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 18 से 20 अक्टूबर तक पूरे हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। इसके बाद, अगले दो-तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।
इसी तरह, अगले 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस तापमान गिर सकता है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई। बुधवार को राज्य में औसत अधिकतम तापमान सामान्य रहा। ऊना सबसे गर्म जगह रही, जहां अधिकतम तापमान 33.4 सेल्सियस डिग्री दर्ज किया गया। शिमला में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि धर्मशाला और मनाली में अधिकतम तापमान 27 और 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा
लद्दाख और कश्मीर में भी बर्फबारी
वहीं, लाहौल-स्पीति के आदिवासी जिले में कुकुमसेरी सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.3°C दर्ज किया गया। कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में बारिश हुई और बर्पबारी हुई है।
बुधवार को मैदानी इलाकों में बारिश हुई, जबकि कश्मीर और लद्दाख के पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी देखी गई। मंगलवार से शुरू हुई बारिश बुधवार को भी रुक-रुक कर होती रही। लद्दाख की तरफ जोजिला के आसपास के पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई।
