'कहीं कदमों की आहट तो कहीं अदृश्य साये का दावा', शिमला में ब्रिटिश काल के भवनों की रहस्यमयी कहानियों का क्या है सच?
शिमला की खूबसूरत वादियों में कई पुरानी इमारतें और सड़कें रहस्यमयी कहानियों के लिए जानी जाती हैं, जिनमें भूत-प्रेत और असामान्य घटनाओं के दावे शामिल हैं।

शिमला में ब्रिटिश काल का बना भवन। जागरण आर्काइव
HighLights
कॉर्नर हाउस और सिल्वन हॉल में अदृश्य सायों का दावा।
आईजीएमसी के वार्ड 13 में महिला की आत्मा की कहानी।
इतिहासकार और मनोचिकित्सक ने दिए इन कहानियों पर विचार।
जागरण संवाददाता, शिमला। पहाड़ों की रानी शिमला अपनी खूबसूरत वादियों, ऐतिहासिक इमारतों और औपनिवेशिक दौर की विरासत के लिए जानी जाती है, लेकिन यहां की कुछ पुरानी इमारतें और सड़कें रहस्यमयी कहानियों को लेकर भी लंबे समय से चर्चा में रही हैं। शहर में कई ऐसे स्थान हैं, जिनके साथ भूत-प्रेत और असामान्य घटनाओं से जुड़ी कहानियां पीढ़ियों से चली आ रही हैं।
इनमें यूएस क्लब रोड स्थित कॉर्नर हाउस, लॉन्गवुड का सिल्वन हॉल-चार, इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का महिला शल्य चिकित्सा वार्ड और चुड़ैल बावड़ी मार्ग प्रमुख हैं।
ब्रिटिश काल का बंगला किस्सों के लिए चर्चित
कॉर्नर हाउस को लेकर स्थानीय लोगों में कई तरह की मान्यताएं हैं। ब्रिटिश काल का यह बंगला अदृश्य सायों और कदमों की आहट के किस्सों के लिए चर्चित रहा है।
नगर निगम आयुक्त के परिवार को हुआ था आभास
पूर्व नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र कुमार अत्री जुलाई 2023 में अपने परिवार के साथ यहां रहने आए थे। उनकी बेटी अन्वी ने घर की ऊपरी मंजिल पर दो लोगों के एक साथ चलने जैसी आवाजें सुनने का अनुभव साझा किया था। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि लकड़ी के फर्श पर चूहों की आवाजाही से भी कुछ आवाजें पैदा हो सकती हैं। अत्री स्वयं भूतों में विश्वास नहीं करते हैं।
इस सरकारी आवास में नहीं रहते अधिकारी
इसी तरह लॉन्गवुड स्थित सिल्वन हॉल-चार को भी कुछ स्थानीय लोग भूतिया मानते हैं। यहां रहने से जुड़ी अनहोनी की आशंकाओं के कारण कई अधिकारियों ने सरकारी आवास मिलने के बावजूद इसमें रहने से परहेज किया।
आईजीएमसी में महिला की आत्मा के वास का दावा
वहीं आईजीएमसी के महिला शल्य चिकित्सा वार्ड का कमरा नंबर 13 भी स्थानीय लोककथा से जुड़ा है। बताया जाता है कि इस कमरे में प्रसव के दौरान जान गंवाने वाली महिला की आत्मा का वास है। इसके अलावा चुड़ैल बावड़ी मार्ग को लेकर भी पीढ़ियों से कई किस्से सुनाए जाते रहे हैं।
क्या कहते हैं इतिहासकार
शिमला के इतिहासकार राजा भसीन के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्रों में अलौकिक घटनाओं से जुड़ी मान्यताएं लंबे समय से प्रचलित रही हैं। औपनिवेशिक दौर के साहित्य में भी इनका उल्लेख मिलता है। रुडयार्ड किपलिंग की कहानी 'द फैंटम रिक्शा' इसका एक उदाहरण है। हालांकि इन घटनाओं के पीछे किसी अलौकिक शक्ति की मौजूदगी को वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित नहीं किया जा सका है।
विशेषज्ञ का क्या है मानना
वहीं आईजीएमसी में मनोचिकित्सा विभाग के अध्यक्ष डॉ. दिनेश दत्त शर्मा के अनुसार, डर से जुड़ा वातावरण, व्यक्ति की सोच और पहले से बनी धारणाएं उसके अनुभवों को प्रभावित कर सकती हैं। पहले भूतिया माने जाने वाले कई स्थानों पर आज लोग सामान्य रूप से घूमने जाते हैं। अस्पताल में भी अलौकिक गतिविधियों के डर से जुड़े मामले बहुत कम सामने आते हैं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में अब मामूली गलती पर जेल नहीं, सिर्फ जुर्माना: सरकार ने 16 कानूनों में किया बड़ा बदलाव
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।