पाकिस्तान बॉर्डर से हिमाचल पहुंच रहा चिट्टा, शिमला पुलिस ने पंजाब के जलालाबाद से गिरफ्तार किया मुख्य सप्लायर
शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब के जलालाबाद से एक मुख्य चिट्टा ...और पढ़ें

शिमला पुलिस ने चिट्टे का मुख्य सप्लायर गिरफ्तार किया है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
शिमला पुलिस ने जलालाबाद से मुख्य चिट्टा सप्लायर को पकड़ा।
आरोपी पाकिस्तान सीमा से सटे क्षेत्र से करता था सप्लाई।
पुलिस ने 2026 में 39 आरोपियों को बैकवर्ड लिंकेज से दबोचा।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। शिमला में चिट्टे की सप्लाई भेजने वाले एक बड़े सप्लायर को पुलिस ने पंजाब के जलालाबद से गिरफ्तार किया है। यह इलाका पाकिस्तान बॉर्डर के साथ लगता है। यहां से आरोपित शिमला सहित कई अन्य क्षेत्रों के लिए चिट्टे की सप्लाई करता था।
शिमला के सदर थाना में दर्ज 9 मई के एक मामले की बैकवर्ड लिंक की जांच के दौरान आरोपित तक पहुंचने में शिमला पुलिस को सफलता हासिल हुई है।
पुलिस ने दो लोगों को किया था गिरफ्तार
9 मई को शिमला के सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज हुआ था। शिमला पुलिस ने इसमें 26 वर्षीय निशान सिंह निवासी गांव गुदर पंजगरेन, डाकघर पंजे के उतार, तहसील गुरहरसहाय, जिला फिरोजपुर पंजाब और 23 वर्षीय गुरप्रीत सिंह निवासी गांव अमृतपुर, डाकघर बुडेवल, तहसील सुल्तानपुर लोदी, जिला कपूरथला, पंजाब को गिरफ्तार किया था। इन दोनों के पास से शिमला पुलिस ने लगभग 10.300 ग्राम चिट्टा बरामद किया था।
जलालाबाद के सप्लायर से जुड़े तार
मामले की जांच के दौरान इनके तार जलालाबाद के सप्लायर से जुडे। गहनता से पूछताछ, डिजिटल साक्ष्यों, वित्तीय लेनदेन का विश्लेषण करने पर चिट्टे की इस खेप के सप्लायर की पहचान, जिला फिरोजपुर पंजाब (भारत-पाकिस्तान बार्डर) के आकाशदीप उर्फ आकाश के रूप में हुई।
जलालाबाद से गिरफ्तार किया आरोपित
मंगलवार देर रात को पुलिस टीम सदर शिमला ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर एक ऑपरेशन प्लान किया और आरोपित 22 वर्षीय आकाश दीप उर्फ आकाश पुत्र चिमन सिंह निवासी मेघा पंजगरेन, डाकघर पंजे के उतार, तहसील गुरहरसहाय, जिला फिरोजपुर पंजाब को जलालाबाद, जिला फाजिलका पंजाब में गिरफ्तार किया।
बैकवर्ड लिंक से 39 की गिरफ्तारी
वर्ष 2026 में बैकवर्ड लिंकिज के आधार पर 39 आरोपितों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 9 गुना ज्यादा आरोपियों को इस आधार पर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब मामलों की गहराई तक जाकर जांच कर रही है तथा केवल छोटे स्तर के पेडलरों तक सीमित न रहकर मुख्य सप्लायरों तक पहुंच बना रही है। इसी प्रकार वर्ष 2026 में कुल 30 नशा तस्करी के अंतरराज्यीय वह अंतरराष्ट्रीय नेटवर्कों को ध्वस्त किया गया, जो विभिन्न राज्यों में संचालित हो रहे थे।
शिमला पुलिस ने पंजाब के जलालाबाद से चिट्टे की सप्लाई करने वाले बड़े सप्लायर को गिरफ्तार किया है। चिट्टा तस्करों पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। जिले में चिट्टे का नेटवर्क तोड़ने के लिए पुलिस पूरा प्रयास कर रही है।
-अभिषेक, एएसपी, शिमला।
यह भी पढ़ें: HRTC कर्मचारी ने किया विवाहित महिला का 4 साल यौन शोषण, धमकाकर जबरन संबंध बनाता रहा आरोपित; अब थाने पहुंची पीड़िता
