विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नारकंडा में गिरे बर्फ के फाहे, शिमला में वर्षा से बढ़ी ठंड; सैलानियों की चहल-पहल से कारोबारियों की जगी उम्मीदें

By Rohit Sharma Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 15 Nov 2026 04:18 PM (IST)

नारकंडा में बर्फ के फाहे गिरने और शिमला में हल्की बारिश से ठंड बढ़ गई है। इस मौसम बदलाव से ...और पढ़ें

शिमला के नारकंडा में बर्फ के फाहे गिरे। जागरण

शिमला के नारकंडा में बर्फ के फाहे गिरे। जागरण

HighLights

  1. नारकंडा में बर्फ के फाहे गिरे, शिमला में हल्की वर्षा।

  2. मौसम बदलने से ठंड बढ़ी, पर्यटकों की चहल-पहल शुरू।

  3. पर्यटन कारोबारियों को अब बेहतर व्यवसाय की उम्मीद जगी।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला सहित आसपास के पर्यटन स्थलों में मौसम के करवट बदलने से ठंड का असर बढ़ गया है। रविवार को नारकंडा में बर्फ के फाहे गिरने से पहाड़ों ने सर्दियों की दस्तक का एहसास करवाया, वहीं शिमला शहर में भी हल्की वर्षा की बौछारें पड़ने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम में आए इस बदलाव से जहां लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है, वहीं पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरों पर रौनक लौटने लगी है। हालांकि दिन में धूप खिली रही लेकिन सर्द हवाओं से ठंड का आलम जारी रहा।

सैलानियों के लिए खुशखबरी

वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना और नारकंडा में गिरे बर्फ के फाहों ने सर्दियों के मौसम का आनंद लेने के इच्छुक सैलानियों को भी आकर्षित किया। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों, मालरोड और रिज मैदान पर पर्यटकों की चहल-पहल देखने को मिली। पर्यटक सुहावने मौसम के बीच घूमने-फिरने और पहाड़ों की खूबसूरती का आनंद लेते नजर आए। 

बढ़ेंगी पर्यटन गतिविधियां

विशेषकर नारकंडा, कुफरी और आसपास के पर्यटन स्थलों में बर्फबारी होने पर पर्यटकों का आकर्षण बढ़ने की उम्मीद है। पर्यटन कारोबारियों को अब आने वाले सप्ताहांत से भी काफी उम्मीदें हैं। मौसम में ठंडक और बर्फबारी की संभावना पर्यटकों को पहाड़ों की ओर आकर्षित कर सकती है। ऐसे में यदि मौसम अनुकूल रहता है तो शिमला में पर्यटन गतिविधियों को नई रफ्तार मिलने के साथ कारोबार में भी सुधार देखने को मिल सकता है।

कारोबारियों की जगी उम्मीदें 

मौसम में आए इस बदलाव को पर्यटन कारोबार के लिहाज से भी सकारात्मक माना जा रहा है। पिछले कुछ समय से पर्यटन कारोबार में तेजी की उम्मीद लगाए बैठे होटल कारोबारी, टैक्सी संचालक, रेस्तरां और अन्य पर्यटन व्यवसायियों को अब सैलानियों की आमद बढ़ने की आस जगी है। कारोबारियों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में मौसम इसी तरह ठंडा बना रहता है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होती है तो पर्यटकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है।

यह भी पढ़ें: Himachal Weather: हिमाचल में आज 3 जिलों में बारिश की संभावना, पहाड़ों पर बर्फबारी बढ़ाएगी ठंड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।