शिमला शहर में भूस्खलन ने डराए लोग, मलबा और पेड़ गिरने से सड़कें बंद; कई वाहन फंसे
शिमला में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे लिफ्ट क्षेत्र और राजीव भवन के पास सड़कें अवरुद्ध हो गईं और कई वाहन फंस गए।
HighLights
लिफ्ट क्षेत्र और राजीव भवन के पास भूस्खलन।
सड़कें अवरुद्ध, यातायात बाधित, कई वाहन फंसे।
प्रशासन ने अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की।
जागरण टीम, शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में लगातार हो रही बारिश के बीच भूस्खलन की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार को लिफ्ट क्षेत्र के समीप सड़क विस्तारीकरण और निर्माण कार्य के दौरान पहाड़ी से मलबा और एक बड़ा पेड़ सड़क पर आ गिरा। घटना के बाद सर्कुलर रोड पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
राजीव भवन के पास भी लैंडस्लाइड हुआ है। इस कारण सब्जी मंडी मार्ग भी प्रभावित हुआ है। यहां कई वाहन फंस गए हैं।
जानकारी के अनुसार लिफ्ट के पास चल रहे सड़क निर्माण कार्य के लिए पहाड़ी की खोदाई की जा रही है। इसी दौरान पहाड़ी का हिस्सा दरक गया, जिससे भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया। मलबे के साथ एक बड़ा पेड़ भी सड़क पर गिर गया, जिसके कारण यातायात रोकना पड़ा।
जेसीबी मशीनों से हटाया मलबा व पेड़
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने और पेड़ को काटकर सड़क से हटाने का काम शुरू कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि सड़क को यातायात के लिए जल्द बहाल कर दिया है।
शिमला में भूस्खलन का खतरा बढ़ा
लगातार बारिश के कारण शहर में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
आईजीएमसी के पास भी गिरा था पेड़
इससे पहले गत शाम को भी आईजीएमसी अस्पताल के समीप एक विशाल पेड़ पैदल मार्ग पर गिर गया था। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए आवाजाही प्रभावित रही।
लगातार हो रही बारिश के चलते शहर के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन, पेड़ गिरने और मलबा आने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: शिमला में भारी बारिश ने किया बेहाल; मलबे में दबी गाड़ियां, लैंडस्लाइड से खतरे में 4 इमारतें, एक मकान गिरा
यह भी पढ़ें: हिमाचल में बरसात का कहर, सांगला में लैंडस्लाइड के बाद बैली ब्रिज ढहा, कुनिहार में चलती कार पर गिरी चट्टानें
