विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चार साल में दोगुनी से ज्यादा हुई शिमला के खलीणी फ्लाईओवर की लागत, नए बजट की मंजूरी के इंतजार में प्रोजेक्ट

Published: Sun, 22 Nov 2026 05:31 PM (IST)

राजधानी शिमला के खलीणी में प्रस्तावित फ्लाईओवर परियोजना की लागत चार साल में दोगुनी होकर 35 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है।

शिमला के खलीणी फ्लाईओवर का निर्माण कार्य लटक गया है। प्रतीकात्म्क फोटो

शिमला के खलीणी फ्लाईओवर का निर्माण कार्य लटक गया है। प्रतीकात्म्क फोटो

HighLights

  1. खलीणी फ्लाईओवर की लागत चार साल में दोगुनी होकर 35 करोड़ हुई।

  2. स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बजट मंजूरी का इंतजार है।

  3. महापौर ने ट्रैफिक जाम से राहत के लिए जल्द प्रक्रिया का वादा किया।

जागरण संवाददाता, शिमला। राजधानी शिमला के खलीणी में लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए प्रस्तावित फ्लाईओवर परियोजना अभी तक सिरे नहीं चढ़ पाई है। करीब चार साल पहले स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत तैयार किए गए इस प्रोजेक्ट की लागत में लगातार बढ़ोतरी हुई है। शुरुआत में 220 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर के निर्माण के लिए करीब 17 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया था, लेकिन अब इसकी अनुमानित लागत बढ़कर 35 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है।

इसके बावजूद परियोजना के लिए नए बजट को अभी तक मंजूरी नहीं मिल पाई है। बजट स्वीकृत न होने के कारण नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया भी शुरू नहीं हो सकी है।

खलीणी से टालैंड तक प्रस्तावित इस फ्लाईओवर का निर्माण शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खलीणी चौक और आसपास के क्षेत्र में सुबह और शाम के समय वाहनों का काफी दबाव रहता है। यहां से न्यू शिमला, विकासनगर, मलयाना और चमियाणा सहित कई क्षेत्रों के लिए वाहनों की आवाजाही होती है।

जाम से राहत की उम्मीद

पीक आवर्स में वाहनों की लंबी कतारें लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। फ्लाईओवर बनने से इस मार्ग पर यातायात का दबाव कम होने और लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत ही रेलवे स्टेशन के पास भी फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना का काम शुरू हो चुका है और 80 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा होने की जानकारी है।

दूसरी ओर खलीणी फ्लाईओवर का काम अभी बजट की प्रक्रिया में ही अटका हुआ है। ऐसे में शहर के दो महत्वपूर्ण यातायात सुधार प्रोजेक्ट में से एक पर काम आगे बढ़ने के बावजूद दूसरे का इंतजार लंबा होता जा रहा है।

बीओडी में नए बजट को लेकर हुई थी चर्चा

इस परियोजना की बढ़ती लागत को देखते हुए हाल ही में हुई निदेशक मंडल (बीओडी) की बैठक में नए सिरे से बजट तैयार करने को मंजूरी दी गई थी। बैठक में निर्णय लिया गया था कि मौजूदा परिस्थितियों और निर्माण लागत के हिसाब से परियोजना का नया बजट तैयार किया जाएगा। हालांकि, बैठक के बाद भी अभी तक इस दिशा में अगली प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। नया बजट स्वीकृत होने के बाद ही परियोजना को आगे बढ़ाने और नए सिरे से टेंडर आमंत्रित करने का रास्ता साफ हो सकेगा। 

क्या कहते हैं मेयर 

नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि खलीणी फ्लाईओवर परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके लिए नए बजट सहित जरूरी औपचारिकताओं को पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाना है। नगर निगम का प्रयास रहेगा कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी हों, ताकि परियोजना को आगे बढ़ाकर लोगों को जल्द सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में अब बिना मंजूरी सड़क-पुल का नहीं कर सकेंगे अतिरिक्त काम, विभाग ने सख्त किए नियम; जवाबदेही तय 


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।