विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैसे मनाएं सुरक्षित दीपावली? IGMC शिमला के विशेषज्ञ डॉक्टर ने जारी की एडवायजरी; बिजली की तारों से बनाएं दूरी

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 08 Nov 2026 11:58 AM (GMT+05:30)

दीपावली पर सुरक्षित रहने के लिए आईजीएमसी शिमला के विशेषज्ञ डॉक्टर ने पटाखे फोड़ते समय बच्चों की निगरानी, पर्यावरण का ...और पढ़ें

सुरक्षित दीवाली मनाने को लेकर विशेषज्ञ डॉक्टर ने सलाह दी है। प्रतीकात्मक फोटो

सुरक्षित दीवाली मनाने को लेकर विशेषज्ञ डॉक्टर ने सलाह दी है। प्रतीकात्मक फोटो

जागरण संवाददाता, शिमला। दीवाली रोशनी और खुशियों का त्योहार है। इस दिन लोग दीये जलाने के साथ आतिशबाजी भी करते हैं। पटाखे फोड़ते समय थोड़ी सी लापरवाही हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में लोगों को सुरक्षित तरीके से दीवाली मनाने के लिए विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज एवं अस्पताल (आइजीएमसी) के मेडिसिन विभाग के डा. बलवीर वर्मा ने बताया कि पटाखे फोड़ते समय बच्चों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

छोटे बच्चों को कम पटाखे फोड़ने के लिए देने चाहिए। यदि बच्चे पटाखे फोड़ रहे हैं तो उनके साथ माता-पिता या किसी बड़े व्यक्ति का उपस्थित रहना जरूरी है। 

बरतें ये सावधानियां

उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को पटाखों के बजाय फुलझड़ी चलाने के लिए देनी चाहिए। अनार व पटाखों को फुलझड़ी से जलाना चाहिए। पटाखों को हमेशा ठंडी और सूखी जगह पर तथा बच्चों की पहुंच से दूर रखना चाहिए। आतिशबाजी करते समय आसपास पर्याप्त दूरी बनाए रखें और सावधानी बरतें। 

पर्यावरण का ध्यान रखना भी जरूरी

दीवाली पर पर्यावरण का ध्यान रखना भी जरूरी है। पटाखों के अधिक इस्तेमाल से वायु प्रदूषण बढ़ता है और हवा की गुणवत्ता प्रभावित होती है। ऐसे में लोगों को पर्यावरण के अनुकूल पटाखों का इस्तेमाल करना चाहिए, ताकि त्योहार की खुशियों के साथ पर्यावरण को होने वाले नुकसान को भी कम किया जा सके।

बिजली के खंभों व तारों के पास पटाखे न फोड़ें

दीवाली पर विद्युत दुर्घटना से बचने के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड ने उपभोक्ताओं के लिए विद्युत सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। बोर्ड ने उपभोक्ताओं से सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। साथ ही पटाखे बिजली के खंभों व तारों के पास न फोड़ने और मोमबत्तियां व दीये तारों से दूर रखने की सलाह दी है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि बिजली के तारों, ट्रांसफार्मर व सब स्टेशन के आसपास पटाखे न फोड़ें। बिजली के खंभों व ट्रांसफार्मर पर सजावटी लाइटें, बैनर या अन्य सामग्री न लगाएं। 

बिजली की ओवरलोडिंग से बचें

घरों में अच्छी गुणवत्ता वाली आइएसआइ मार्क वाली लाइटों का इस्तेमाल करें और तारों की उचित इंसुलेशन सुनिश्चित करें। एक ही साकेट या एक्सटेंशन बोर्ड में कई लाइटें लगाकर ओवरलोडिंग न करें। पानी व ज्वलनशील पदार्थों से बिजली के उपकरणों को दूर रखें तथा सोने या घर से बाहर जाने से पहले सजावटी लाइटें व उपकरण बंद करें। 

बिजली के तार टूटकर गिरने या क्षतिग्रस्त होने पर उससे दूरी बनाए रखें और स्वयं छूने या हटाने का प्रयास न करें। बिजली से संबंधित शिकायत या आपात स्थिति में उपभोक्ता बोर्ड के 24 घंटे उपलब्ध टोल फ्री नंबर 1800-180-8060 व 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें: दीवाली के बाद होगी हिमाचल कैबिनेट की बैठक, नौकरियों सहित कर्मचारियों के प्रस्ताव पर होगी चर्चा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।