विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिमला में आइस स्केटिंग रिंक तैयार करने का काम शुरू, लद्दाख से विशेषज्ञों की टीम करेगी बर्फ जमाने की प्रक्रिया

Published: Mon, 23 Nov 2026 01:57 PM (IST)

शिमला के लक्कड़ बाजार स्थित आइस स्केटिंग रिंक को तैयार करने का काम शुरू हो गया है। जल्द ही लद्दाख से विशेषज्ञ टीम बर्फ जमाने की प्रक्रिया के लिए शिमला पहुंचेगी।

शिमला में आइस स्केटिंग रिंक तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जागरण आर्काइव

शिमला में आइस स्केटिंग रिंक तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. शिमला के लक्कड़ बाजार में आइस स्केटिंग रिंक की तैयारी शुरू।

  2. लद्दाख से विशेषज्ञ टीम बर्फ जमाने की प्रक्रिया में मदद करेगी।

  3. स्केटिंग के लिए शून्य डिग्री तापमान आवश्यक, पानी की परतें जमानी होंगी।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश में जिला शिमला के लक्कड़ बाजार स्थित आइस स्केटिंग रिंक में स्केटिंग सीजन जल्द शुरू होने की उम्मीद जगी है। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही रिंक को तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए सबसे पहले मैदान को साफ किया गया है। अब मैदान को समतल करने का काम शुरू किया जाएगा। 

लद्दाख से विशेषज्ञों की टीम पहुंचेगी

जल्द ही लद्दाख से विशेषज्ञों की टीम शिमला पहुंचेगी, जो मैदान को स्केटिंग के अनुकूल बनाने और बर्फ जमाने की प्रक्रिया करेगी। हालांकि स्केटिंग कब शुरू होगी यह पूरी तरह मौसम पर निर्भर करेगा। रात के समय तापमान में लगातार गिरावट आने और आसमान साफ रहने पर ही मैदान में पानी जम सकेगा।

शून्य डिग्री चाहिए तापमान

पिछले साल चार दिसंबर को आइस स्केटिंग शुरू हुई थी और फरवरी तक स्केटिंग के सेशन हुए थे। शिमला में रविवार को न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विशेषज्ञ का कहना है कि बर्फ जमाने के लिए तापमान का शून्य डिग्री तक पहुंचना आवश्यक है।

तीन से चार चरण में डाला जाता है पानी

आइस स्केटिंग शुरू करने से पहले मैदान में तीन से चार चरणों में पानी डाला जाता है। हर चरण में पानी की परत जमने के बाद अगली परत तैयार की जाती है। इस तरह करीब छह परत मोटी बर्फ की परत तैयार होने के बाद ही स्केटिंग के लिए मैदान को उपयुक्त माना जाता है। 

इसके बाद विशेषज्ञ और क्लब के सदस्य बर्फ की गुणवत्ता की जांच करेंगे। सब कुछ अनुकूल रहने पर स्केटिंग के सत्र शुरू किए जा सकेंगे। फिलहाल मैदान को समतल करने की तैयारी की जा रही है।

स्केटिंग के सेशन

  • वर्ष    सेशन
  • 2020-21    82
  • 2021-22    52
  • 2022-23    47
  • 2023-24    67
  • 2024-25    32
  • 2025-26    40 

सुबह और शाम होती है स्केटिंग 

आइस स्केटिंग रिंक में सुबह और शाम दो सत्र आयोजित किए जाते हैं। हालांकि शाम के सत्र शुरू करने के लिए बर्फ का पर्याप्त मजबूत होना जरूरी है। दिन में धूप निकलने से बर्फ पिघलने का खतरा रहता है। ऐसे में शुरुआत में सुबह के सत्र ही आयोजित किए जाने की संभावना रहती है। तापमान अनुकूल रहने पर शाम के सत्र भी शुरू किए जा सकते हैं।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में सड़कों पर जमने लगी बर्फ, रोहतांग जाने वाले पर्यटकों के लिए प्रशासन ने टाइमिंग की तय; एडवायजरी जारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।