Nizamuddin Corona cases: मस्जिदों के बाहर सुरक्षा कड़ी, दिशा निर्देश न माने तो होगी कार्रवाई
Nizamuddin Corona cases दिल्ली में तब्लीगी जमात के मरकज का मामला सामने आने के बाद शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है और मुस्लिम वर्ग को खास निर्देश भी दिये गये हैं ।
शिमला, जेएनएन। शहर की मस्जिदों के बाहर पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। यह कदम दिल्ली में तब्लीगी जमात के मरकज का मामला सामने आने के बाद उठाया गया है। मस्जिदों में रह रहे लोगों को बाहर नहीं निकलने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं इन्हें किसी बाहर से आने वाले व्यक्ति पर भी नजर रखने के लिए कहा गया है। वहीं, शहर के बीच बनी जामा मस्जिद में रह रहे 188 लोगों को कोरोना से बचने के लिए क्या उपाय किए जाने चाहिए, इसके बारे में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जानकारी दी गई।
जामा मस्जिद में ये लोग एक से दो हॉल में रहते हैं। इन्हें शारीरिक दूरी बनाए रखने से लेकर अन्य तरह के इंतजाम करने और आने वाले दिनों में किसी भी व्यक्ति को प्रवेश न देने की बात कही। लेबर हॉस्टल से लेकर राजधानी के सब्जी और फल वालों के रहने वाले स्थानों पर रूटीन में चेकिंग की जा रही है। कितने समय से कौन लोग यहां रह रहे हैं, इसकी जानकारी पुलिस आम लोगों और मकान मालिकों से जुटा रही है। कितने समय पहले कोई बाहर से आया है, इसकी भी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
शहर ही नहीं बल्कि राजधानी के सभी उपनगरों में इस तरह की चेकिंग चल रही है। इसके लिए ठेकेदारों से लेकर कारोबारियों से भी स्थानीय पूरी जानकारी हासिल कर रही है। सीएमओ जितेंद्र चौहान ने कहा कि जामा मस्जिद में रह रहे लोगों को कोरोना वारयस से बचने की जानकारी मुहैया करवाई गई।
सब्जी व फल विक्रेताओं के रहने वाले स्थानों की भी हो रही चेकिंग कोरोना से बचने के लिए उचित दूरी बनाए रखने के लिए दी सलाह दूसरा हॉल खोलने की मांग राज्य व्यापार मंडल के अध्यक्ष इंद्र जीत सिंह ने मांग की है कि जामा मस्जिद में दूसरा हाल भी रहने के लिए खोल देना चाहिए। इससे शारीरिक दूरी बनाने में काफी सहायता मिलेगी।
मुस्लिम वर्ग केंद्र के निर्देशों का करे पालन : बिलाल
प्रदेश भाजपा नेता एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बिलाल अहमद शाह ने मुस्लिम वर्ग से अनुरोध किया कि सभी मुस्लिम प्रदेश सरकार एवं भारत सरकार द्वारा दिए दिशा निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जो भी सरकार द्वारा दिए दिशा निर्देश न माने, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि तब्लीगी जमात के जो भी लोग दिल्ली मरकज से लौटे हैं वो इसकी सूचना जिला प्रशासन, प्रदेश सरकार तथा स्वास्थ्य विभाग को दें। खुद भी ठीक रहें और अपने परिवार को भी ठीक रखें। तभी हमारा समाज गांव, जिला, प्रदेश, देश स्वस्थ्य रह पाएगा। भाजपा नेता ने कहा कि कोरोना वायरस को डब्ल्यूएचओ द्वारा महामारी घोषित किया जा चुका है। कुछ ऐसे लोग भी हैं जो इस भयानक महामारी को आम ले रहे हैं। कई जगह लोग इस्तेमाल में लाए जाने वाले मास्क को सड़क पर इधर-उधर फेंक रहे हैं। यदि कोई व्यक्ति संक्रमित होता है तो इसके द्वारा मांस को इस्तेमाल किया जाना और फिर उसे फेंका जाना यह एक बड़े खतरे का कारण बन सकता है।