विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MLA नंद लाल का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, CM सुक्खू ने दी श्रद्धांजलि; मंत्री नेगी ने दिया अर्थी को कंधा

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 04 Nov 2026 11:42 AM (IST)Updated: Wed, 04 Nov 2026 12:37 PM (IST)

रामपुर बुशहर के पूर्व विधायक नंद लाल का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी।

विधायक नंद लाल को श्रद्धांजलि देने के बाद सीएम सुक्खू उनके परिवार के सदस्यों के साथ। जागरण

विधायक नंद लाल को श्रद्धांजलि देने के बाद सीएम सुक्खू उनके परिवार के सदस्यों के साथ। जागरण

HighLights

  1. पूर्व विधायक नंद लाल का राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार।

  2. सीएम सुक्खू सहित कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि।

  3. राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने दिया अर्थी को कंधा।

जागरण टीम, रामपुर बुशहर (शिमला)। हिमाचल प्रदेश में रामपुर से चार बार लगातार विधायक रहे नंद लाल का आज राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हो गया। सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सहित प्रदेश के अन्य नेता उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। अंतिम यात्रा के दौरान राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने अर्थी को कंधा दिया।  

क्षति की भरपाई नहीं हो सकती : सीएम 

मुख्यमंत्री सुक्खू ने नंद लाल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें सहज स्वभाव और अच्छे व्यक्तित्व का धनी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नंद लाल विधानसभा में हर मुद्दे को तर्क के साथ मजबूती से रखते थे। उनके निधन से हुई क्षति की भरपाई कभी नहीं हो सकती।

मंगलवार को हुआ था निधन

उनका मंगलवार सुबह चमियाणा में निधन हो गया। वह करीब डेढ़ साल से बीमार थे। इसके बाद मंगलवार दोपहर बाद नंद लाल का पार्थिव शरीर रामपुर के लोक निर्माण परिधि गृह में पहुंचा और ब्लॉक कांग्रेस सहित आम जनता ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मल्टीनेशनल कंपनी में तैनात है बेटा

पत्नी सत्या धीमान, बेटा अभिषेक धीमान, पुत्रवधू सुप्रिया धीमान व पोता इहान धीमान नंद लाल के निधन से बेहद दुखी हैं। नंद लाल के बेटे दिल्ली की एक मल्टीनेशनल कंपनी में तैनात हैं। 

रामपुर की जनता भी गमगीन

विधायक नंद लाल आम जनमानस के दिलों में बसते थे, क्योंकि उन्हें ईमानदार, मेहनती व पार्टी के लिए कर्मठ जाना जाता रहा है। उनके इस तरह जाने से रामपुर विधानसभा क्षेत्र में लोग गमगीन हैं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। रामपुर में श्रद्धांजलि देने के बाद उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव देओठी के लिए रवाना किया गया।

जनसेवा के लिए सदैव याद किए जाएंगे : रोहित

नंद लाल के आकस्मिक निधन पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नंद लाल के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति और कांग्रेस परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंची है। रोहित ठाकुर ने शोक संदेश में कहा कि नंद लाल विधानसभा में उनके सहयोगी रहे थे। उनके निधन से उन्हें व्यक्तिगत रूप से गहरा दुख पहुंचा है।

यह भी पढ़ें: राजीव गांधी की सुरक्षा से लेकर लगातार 4 बार विधायक बनने तक, नंद लाल ने SPG छोड़कर शुरू की थी राजनीतिक पारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।