रामपुर को जिला बनाने की उठी मांग, पंचायत प्रधान परिषद ने बैठक कर उठाया मुद्दा; शिमला जाने में होती है परेशानी
रामपुर बुशहर की पंचायत प्रधान परिषद ने बैठक में रामपुर को जिला बनाने की मांग उठाई है। क्षेत्र की भौगोलिक ...और पढ़ें

रामपुर में पंचायत प्रधान बैठक के दौरान। जागरण
HighLights
पंचायत प्रधान परिषद ने रामपुर को जिला बनाने की मांग की।
शिमला मुख्यालय पहुंचने में लोगों को होती है भारी परेशानी।
प्रत्येक पंचायत में ग्रेडिंग और पैकिंग हाउस स्थापित करने की योजना।
संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर (शिमला)। हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन के लिए आयोग के गठन के बाद मांगें उठने लगी हैं। पंचायत प्रधान परिषद विकास खंड रामपुर बुशहर की मासिक बैठक शनिवार को पंचायत समिति सभागार में परिषद अध्यक्ष कृष्ण गोपाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में रामपुर बुशहर को जिला बनाने की मांग प्रमुखता से उठी। प्रधानों ने कहा कि क्षेत्र विस्तृत है और कई पंचायतें दुर्गम व दूरदराज इलाकों में स्थित हैं।
सीएम को भेजेंगे मांगपत्र
प्रशासनिक कार्यों के लिए शिमला स्थित जिला मुख्यालय पहुंचने में लोगों को परेशानी होती है। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए प्रदेश सरकार के समक्ष सामूहिक रूप से मांग उठाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए संयुक्त मांगपत्र तैयार कर मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा।
विकास के मुद्दों पर भी चर्चा
बैठक में क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के प्रधान, परिषद पदाधिकारियों और सलाहकारों ने पंचायतों की समस्याएं, संगठन को मजबूत बनाने और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। परिषद सचिव अश्वनी शर्मा ने बैठक की कार्यवाही संचालित की।
वीबीजीरामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। परिषद ने संबंधित विभागों और सरकार से पार्ट टाइम, मिड-डे मील, आंगनबाड़ी तथा आउटसोर्स कर्मियों को नियमानुसार योजना के तहत रोजगार देने की संभावनाओं पर दिशा-निर्देश जारी करने का प्रस्ताव पारित किया।
बैठक में परिषद की मासिक बैठक नियमित रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया ताकि विकासात्मक और प्रशासनिक विषयों की समीक्षा हो सके।
ये रहे उपस्थित
बैठक में उपाध्यक्ष राजकांता शर्मा, सचिव अश्वनी शर्मा, समन्वयक होशियार मेहता, मुख्य सलाहकार जय सिंह और पदमा कोंग, दीप कुमार, केशव राम, फूला सिंह, संगीता, रचना भंडारी, बीना मेहता, गोपु राम सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान और परिषद पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हर पंचायत में ग्रेडिंग और पैकिंग हाउस स्थापित करने की योजना
विकास खंड की प्रत्येक पंचायत में ग्रेडिंग और पैकिंग हाउस स्थापित करने की योजना तैयार करने पर सहमति बनी। प्रधानों ने कहा कि रामपुर क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था कृषि और बागवानी पर निर्भर है। पंचायत स्तर पर ऐसी सुविधाओं से किसानों और बागवानों को उत्पादों की छंटाई, पैकेजिंग और विपणन में मदद मिलेगी तथा पंचायतों की आय के स्रोत बढ़ेंगे। पंचायतों की वित्तीय, प्रशासनिक और विकास संबंधी समस्याओं के लिए सामूहिक कार्ययोजना बनाने का निर्णय भी लिया गया। अध्यक्ष कृष्ण गोपाल ने सदस्यों से पंचायतों के हित और क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।