'नाराज होना स्वभाविक, वह पार्टी छोड़कर नहीं जाएंगे', रजनी पाटिल की आनंद शर्मा से मुलाकात, कौल से भी जानेंगी नाराजगी
हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने शिमला में पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उनकी पार्टी ...और पढ़ें

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा, हिमाचल मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल और पूर्व मंत्री कौल सिंह। जागरण आर्काइव
HighLights
रजनी पाटिल ने शिमला में आनंद शर्मा से मुलाकात की।
आनंद शर्मा की नाराजगी और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा।
कौल सिंह की नाराजगी के कारणों पर भी विचार किया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, शिमला। पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा की कांग्रेस से नाराजगी की अटकलों के बीच पार्टी की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने शिमला में उनसे मुलाकात की। दोनों के बीच संगठन के मसलों से लेकर नाराजगी की वजह पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों की इस मुलाकात के बाद राजनितिक गलियारों में खासी चर्चा है।
रजनी पाटिल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के नेता हैं। एनएसयूआई और युवा कांग्रेस से लेकर अहम पदों पर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में जो काम करता है, कई बार वह नाराज भी होता है। पार्टी के लिए काम करने वालों का नाराज होना स्वभाविक है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी में हैं और पार्टी को छोड़ कर नहीं जाएंगे।
राज्यसभा चुनाव में पार्टी की ओर से प्रत्याशी न बनाए जाने से आनंद शर्मा अंदरखाते नाराज माने जा रहे हैं।
कौल सिंह की नाराजगी की वजह भी पूछेंगे
रजनी पाटिल ने कहा कि कौल सिंह की नाराजगी किन कारणों से है, उसके बारे में उनसे पूछा जाएगा। उन्होंने क्यों नाराजगी जताई है, उस पर उनकी राय जानी जाएगी और उसे दूर किया जाएगा।
गत दिनों कौल सिंह ने सभा में बयान दिया था कि सीएम के ऑर्डर के बावजूद काम नहीं हो रहे, भाजपा के लोगों के काम हो जा रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के काम लटकाए जा रहे हैं।
हिमाचल कांग्रेस का जनरल हाउस शुरू
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार की अध्यक्षता में जनरल हॉउस शुरू हुआ। कैबिनेट मंत्री प्रो.चंद्र कुमार, हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी विधित चौधरी, संगठन महासचिव विनोद जिंटा, प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य और सभी जिला अध्यक्ष मौजूद रहे। सीएम, डिप्टी सीएम और अन्य मंत्री दोपहर बाद शामिल होंगे। संगठन के साथ-साथ राजनीतिक और पंचायती राज चुनाव को लेकर होगा मंथन।
