नवरात्र के शुभ मुहूर्त में प्रियंका वाड्रा ने किया गृह प्रवेश, जानें नये घर की खासियत
नवरात्र के अति शुभ दिनों में प्रियंका वाड्रा गांधी ने विशेष पूजा के बाद छराबड़ा स्थित नये घर में प्रवेश किया इस कार्यक्रम में चुनिंदा मेहमानों को न्यौता दिया गया था।
शिमला, राज्य ब्यूरो। प्रियंका वाड्रा गांधी ने सोमवार को विशेष पूजा के बाद छराबड़ा स्थित घर में प्रवेश किया। इसके लिए विशेष रूप से दक्षिण भारत से पंडितों को बुलाया था। दूसरे नवरात्र में गृह प्रवेश का मुहूर्त होने के कारण प्रियंका शिमला आई हैं। गृह प्रवेश के लिए आयोजित कार्यक्रम में चुनिंदा मेहमानों को न्योता दिया गया था। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं केयर टेकर केहर सिंह खाची के अलावा पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स को भी बुलाए जाने की सूचना है।
प्रियंका वैसे तो अरसे से छराबड़ा स्थित अपने आवास में आ रही हैं। लेकिन सोमवार को उन्होंने विधिवत रूप से सारी रस्मों को पूरा करके घर में प्रवेश किया। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा गांधी के मंगलवार को दिल्ली लौटने की सूचना है। वह अपनी सहेली के साथ शनिवार को सड़क से शिमला पहुंची थी और अब छराबड़ा में ही रह रही हैं। साढ़े चार बीघा भूमि में उनका अशियाना और बगीचा स्थापित है जिसमें दो मंजिला पहाड़ी शैली में मकान बनाया गया है।
फर्नीचर है खास
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा के छराबड़ा स्थित आशियाने को उनकी पसंद के फर्नीचर से सजाया गया है, अधिकतर फर्नीचर का निर्माण अखरोट की लकड़ी से किया गया है। सभी बेडरूम में अखरोट की लकड़ी की सीलिंग लगाई गई है। साज-सज्जा के लिए दिल्ली से विशेषतौर पर इंटीरियर डिजाइनर की टीम को बुलाया गया था। रसोई में भी अधिकांश तौर पर लकड़ी का इस्तेमाल किया गया है। प्रियंका के आशियाने का निर्माण इस वर्ष के शुरू में पूरा कर लिया गया था।
बगीचा भी है खास
बगीचे में चेरी, सेब, बादाम समेत कई तरह के विशेष पौधे लगाये गये हैं। प्रियंका के बगीचे में तैयार चेरी उनके बच्चों के लिए दिल्ली पहुंचती रही है। पौधे घर के चारों तरफ लगाये गये हैं। गौरतलब है कि प्रियंका का पिछले 10 साल से यहां पर मकान बन रहा है। एक बार पहले भवन निर्माण किया गया लेकिन उसे तोड़ा गया था और उसके बाद दोबारा से नया निर्माण शुरू किया गया प्रियंका वाड्रा के घर के साथ ही सेब का बगीचा है जहां पर सेब के अलावा चेरी की भी पैदावार हो रही है।
Himachal Weather Update: बर्फबारी से मनाली-लेह मार्ग अवरुद्ध 40 वाहन फंसे, फिर बारिश की संभावना