यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 27, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सही काम न करने वाले अफसरों पर करनी पड़ती है कार्रवाई: वीरभद्र
वीरभद्र यहां समधी एवं फरीदकोट रियासत के आखिरी शासक राजा हरिंदर सिंह बराड़ के भतीजे टिक्का भरतइंद्र सिंह बराड़ की बरसी में शामिल होने पहुंचे थे।

फरीदकोट, जागरण संवाददाता। प्रशासन को सही तरीके से चलाने के लिए काम न करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करनी पड़ती है। अगर कोई अब कानूनी कार्रवाई के बयान दे रहा है तो यकीनन वह अधिकारी काम करने लायक नहीं होगा। यह बात हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने फरीदकोट में रविवार को पूर्व डीजीपी आइडी भंडारी के उनके खिलाफ दिए बयान पर पूछे सवाल के जवाब में कही।
वीरभद्र यहां समधी एवं फरीदकोट रियासत के आखिरी शासक राजा हरिंदर सिंह बराड़ के भतीजे टिक्का भरतइंद्र सिंह बराड़ की बरसी में शामिल होने पहुंचे थे। वीरभद्र के साथ पत्नी प्रतिभा सिंह व बेटी अपराजिता भी थीं। केंद्र सरकार हर काम में मनमानी कर रही वीरभद्र सिंह ने कहा कि गुजरात के चुनाव को मोदी सरकार ने जानबूझ कर लेट करवाया। केंद्र सरकार हर काम में मनमानी कर रही है।
केंद्रीय जांच एजेंसियों का अपने विरोधियों के खिलाफ उपयोग किया जा रहा है। संवैधानिक एजेंसियों के काम में भी दखल दिया जा रहा है। मोदी ने अच्छे दिनों का झांसा देकर जनता को परेशानी में धकेल दिया है। दावा, हिमाचल में फिर सरकार बनाएगी कांग्रेस वीरभद्र ने कहा कि हिमाचल में प्रदेशवासियों ने सरकार के पांच साल के कार्यकाल के प्रति उत्साह दिखाया है। एक बार फिर कांग्रेस सरकार बनाएगी और आचार संहिता के कारण जो काम लटक गए हैं उन्हें पूरा करेगी।
वीरभद्र के दामाद हैं रविइंद्र सिंह
26 सितंबर 2015 को वीरभद्र सिंह की बेटी मीनाक्षी की शादी रियासती परिवार से संबंधित रविइंद्र सिंह से हुआ था। रविइंद्र सिंह फरीदकोट रियासत के अंतिम शासक रहे राजा हरिंदर सिंह बराड़ के छोटे भाई कंवर मनजीत सिंह के पौत्र हैं। हरिंदर सिंह बराड़ और कंवर मनजीत सिंह के परिवार लंबे समय से अलग-अलग रहते हैं। कंवर मनजीत सिंह का निधन हो चुका है। कंवर मनजीत सिंह के बेटे भरतइंद्र सिंह टिक्का
का पिछले साल निधन हो गया था। रविवार को उनकी बरसी पर समागम रखा गया था।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान हुई नियुक्तियां रद की