विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिमला की अश्वनी खड्ड में दो जगह गंभीर जैविक प्रदूषण, पीसीबी की रिपोर्ट पर NGT का संज्ञान; BOD का स्तर खतरनाक

Published: Thu, 26 Nov 2026 04:02 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 26 Nov 2026 04:47 PM (GMT+05:30)

राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) ने शिमला की अश्वनी खड्ड में गंभीर जैविक प्रदूषण का संज्ञान लिया है। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट में दो स्थानों पर बीओडी का स्तर निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक पाया गया है।

अश्वनी खड्ड में प्रदूषण पर एनजीटी ने संज्ञान लिया है। प्रतीकात्मक फोटो

अश्वनी खड्ड में प्रदूषण पर एनजीटी ने संज्ञान लिया है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. अश्वनी खड्ड में दो स्थानों पर गंभीर जैविक प्रदूषण मिला।

  2. बीओडी स्तर निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक दर्ज किया गया।

  3. एनजीटी ने प्रदूषण जांच जारी रखने के निर्देश दिए।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की अश्वनी खड्ड और इसकी सहायक जलधाराओं में प्रदूषण का मामला एक बार फिर राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) पहुंच गया है। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जांच रिपोर्ट में अश्वनी खड्ड के दो स्थानों पर गंभीर जैविक प्रदूषण के संकेत मिले हैं।

काम्बरमियर स्थित लिफ्ट नाले में जैविक आक्सीजन मांग (बीओडी) का स्तर 22.4 मिलीग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया, जबकि कचरा प्रसंस्करण स्थल के निकट लिफ्ट नाले में यह 16 मिलीग्राम प्रति लीटर रहा। पानी में बीओडी की निर्धारित सीमा तीन मिलीग्राम प्रति लीटर है। यानी दोनों स्थानों पर प्रदूषण का स्तर तय मानक से कई गुना अधिक पाया गया है।

बोर्ड ने विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की

इस मामले में एनजीटी की प्रधान पीठ ने बीते 25 नवंबर को सुनवाई की। न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव और विशेषज्ञ सदस्य डा. अफरोज अहमद की पीठ के समक्ष प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 16 नवंबर की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।

23 स्थानों पर बीओडी निर्धारित सीमा के भीतर

बोर्ड ने अश्वनी खड्ड के जलग्रहण क्षेत्र में प्रदूषण के संभावित स्रोतों और सीवेज निकासी मार्गों की पहचान के लिए 25 स्थानों पर निगरानी की थी। 29 सितंबर से एक अक्टूबर के बीच लिए गए पानी के नमूनों की जांच शिमला की एनएबीएल मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में की गई। रिपोर्ट के अनुसार, 25 में से 23 स्थानों पर बीओडी निर्धारित सीमा के भीतर रहा। घुलित आक्सीजन का स्तर 5.8 से 8 मिलीग्राम प्रति लीटर और पीएच 6.98 से 8.22 के बीच मिला। 

हालांकि, कुछ स्थानों पर फीकल कोलीफार्म की मात्रा भी अपेक्षाकृत अधिक दर्ज की गई। अश्वनी खड्ड में मिलने से पहले लिफ्ट नाले में यह 920 और मिलने के बाद खड्ड में 540 एमपीएन प्रति 100 मिलीलीटर रहा।

एसटीपी में नाइट्रोजन की मात्रा भी मानकों के अनुरूप नहीं

ढली, मल्याणा और लालपानी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का प्रदर्शन बीओडी, सीओडी और टीएसएस सहित कई मानकों पर सामान्यतः संतोषजनक मिला, लेकिन अधिकांश संयंत्रों में कुल नाइट्रोजन की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। कृष्णा नगर स्थित नगर निगम के स्लाटर हाउस के अपशिष्ट जल का पीएच 9.80 दर्ज हुआ, जबकि निर्धारित सीमा 5.5 से 9 है।

पंथाघाटी एसटीपी का काम मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य

रिपोर्ट में बताया गया कि डोगरा ब्रिज पर 3.1 एमएलडी क्षमता के पंथाघाटी एसटीपी का निर्माण चल रहा है। शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड के अनुसार, इसका केवल 10 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। मार्च 2027 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है। 

दो सप्ताह में रिपोर्ट दें

एनजीटी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को प्रदूषण के स्रोतों और अपशिष्ट जल निकासी मार्गों की जांच जारी रखने के निर्देश दिए हैं। जल शक्ति विभाग और शिमला जल प्रबंधन निगम को सीवेज नेटवर्क तथा परियोजनाओं की प्रगति पर दो सप्ताह में रिपोर्ट देने का समय दिया है। मामले की अगली सुनवाई पांच मार्च 2027 को होगी।

यह भी पढ़ें: 'तलाकशुदा बेटी भी सैनिक पिता की पारिवारिक पेंशन की हकदार', हिमाचल की अदालत ने सुनाया अहम फैसला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।