'तलाकशुदा बेटी भी सैनिक पिता की पारिवारिक पेंशन की हकदार', हिमाचल की अदालत ने सुनाया अहम फैसला
धर्मशाला अदालत ने एक तलाकशुदा बेटी को दिवंगत सैनिक पिता की पारिवारिक पेंशन का हकदार माना है। अदालत ने रक्षा मंत्रालय की अधिसूचना का हवाला देते हुए उसके पक्ष में उत्तराधिकार प्रमाणपत्र जारी करने का आदेश दिया।

हिमाचल की अदालत ने पारिवारिक पेंशन को लेकर अहम फैसला सुनाया। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
तलाकशुदा बेटी को पिता की पेंशन का हकदार माना।
धर्मशाला अदालत ने उत्तराधिकार प्रमाणपत्र जारी करने का आदेश दिया।
रक्षा मंत्रालय की अधिसूचना का हवाला दिया गया।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। तलाकशुदा बेटी भी दिवंगत पिता की सेना की पारिवारिक पेंशन पाने की हकदार हो सकती है। इस संबंध में धर्मशाला में सीनियर सिविल जज डा. हकीकत धांडा की अदालत ने एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए तलाकशुदा बेटी की याचिका स्वीकार कर ली है। अदालत ने उसके पक्ष में उत्तराधिकार प्रमाणपत्र जारी करने का आदेश दिया।
रक्षा मंत्रालय की अधिसूचना का हवाला
मामले के अनुसार, याचिकाकर्ता के पिता भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे। उनका निधन 4 नवंबर, 2020 को हो गया था। उनके कानूनी वारिसों में चार बेटियां शामिल हैं। पिता की मृत्यु के बाद याचिकाकर्ता ने सेना की पारिवारिक पेंशन पर अपना अधिकार जताते हुए अदालत में याचिका दायर की थी। उसने अपने तलाकशुदा होने के आधार पर रक्षा मंत्रालय की 17 नवंबर, 2017 की अधिसूचना का हवाला दिया था।
अदालत का उत्तराधिकार प्रमाणपत्र जारी करने का आदेश
याचिकाकर्ता के दावे को उसकी दो अन्य बहनों ने भी स्वीकार किया। अदालत ने मामले से जुड़े दस्तावेजों और तथ्यों का अवलोकन करने के बाद याचिका को मंजूरी दे दी। साथ ही याचिकाकर्ता के पक्ष में उत्तराधिकार प्रमाणपत्र जारी करने के आदेश दिए।
बांड भरने की शर्त रखी
हालांकि, अदालत ने प्रमाणपत्र जारी करने के लिए आवश्यक स्टांप पेपर जमा करवाने और एक जमानती के साथ बांड भरने की शर्त रखी है। इस आदेश से तलाकशुदा बेटी के पिता की सेना की पारिवारिक पेंशन पर दावे को कानूनी आधार मिला है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।