विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 09, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कोटखाई प्रकरण पर भाजयुमो उग्र, आक्रोश रैली निकाली

By Babita KashyapEdited By:
Published: Wed, 09 Aug 2017 09:47 AM (IST)Updated: Wed, 09 Aug 2017 10:37 AM (IST)

भ्रष्टाचार, अत्याचार व घोटाले आए दिन हो रहे हैं। कोटखाई प्रकरण में मुख्यमंत्री की भूमिका से हिमाचल में आक्रोश है।

कोटखाई प्रकरण पर भाजयुमो उग्र, आक्रोश रैली निकाली
कोटखाई प्रकरण पर भाजयुमो उग्र, आक्रोश रैली निकाली

शिमला, राज्य ब्यूरो। कोटखाई में स्कूली छात्रा की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में प्रदेश सरकार की भूमिका के खिलाफ भाजयुमो ने प्रदेशव्यापी आक्रोश रैली निकाली व प्रदर्शन किया। इस मामले में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की गैर जिम्मेदाराना बयानबाजी पर भाजयुमो ने पूरे प्रदेश में आक्रोश रैली निकाल कर रोष जताया।

 

शिमला में आक्रोश रैली के दौरान उपायुक्त कार्यालय के बाहर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका गया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिमला के विधायक सुरेश भारद्वाज ने कहा कि राज्य में अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। आम आदमी सहमा हुआ है। इससे पता चलता है कि प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं है। जिस प्रकार कोटखाई प्रकरण में सरकार व प्रशासन की कमियां जनता के सामने आई हैं, उससे प्रदेश शर्मसार हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने राज्य में भ्रष्टाचार का जाल फैला रखा है व बेरोजगार  युवाओं के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में भाई भतीजावाद हो रहा है। ऐसे में कांग्रेस सरकार को बर्खास्त कर मुख्यमंत्री को पद से इस्तीफा देना चाहिए।

 

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त ने कहा कि जंगलराज के सहारे वीरभद्र सरकार सत्ता में बनी हुई है। भ्रष्टाचार, अत्याचार व घोटाले आए दिन हो रहे हैं। कोटखाई प्रकरण में मुख्यमंत्री की भूमिका से हिमाचल में आक्रोश है। सत्ता में आने से पहले कांग्रेस सरकार ने वादा किया था कि हर घर से एक व्यक्ति को नौकरी देंगे मगर ऐसा नहीं हुआ। 

 

भाजयुमो प्रदेश महामंत्री अरुण फालटा ने कहा कि कांग्रेस सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। पिछले साढ़े चार साल के कार्यकाल में सरकार ने युवाओं के साथ सिर्फ धोखा किया है। सरकार युवाओं को नौकरी का कोई अवसर प्रदान नहीं कर पाई है। बेरोजगारी भत्ता किन लोगों को मिल रहा है, उसका युवाओं को कुछ पता नहीं है। सरकारी नौकरियां पिछले दरवाजे से चहेतों को दी जा रही हैं। प्रदेश की जनता विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को इसका जवाब देगी। प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष संजय सूद, शिमला मंडलाध्यक्ष प्रदीप कश्यप, ग्रामीण मंडलाध्यक्ष अमर ठाकुर, महापौर कुसुम सदरेट, उपमहापौर राकेश शर्मा, भाजयुमो राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अमित ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

यह भी पढ़ें: कोटखाई मामला: फॉरेंसिक लैब जुन्गा पहुंची सीबीआइ ने खंगाले तथ्य