रामपुर में उपचुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर, भाजपा के पूर्व प्रत्याशी कौल नेगी का एससी प्रमाणपत्र रद
रामपुर में संभावित उपचुनाव से पहले भाजपा के पूर्व प्रत्याशी कौल नेगी का अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र रद्द कर दिया गया है।

रामपुर से भाजपा नेता कौल नेगी। जागरण आर्काइव
HighLights
कौल नेगी का अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र रद्द हुआ।
एसडीएम रामपुर ने प्रेम सिंह दरैक की अपील पर दिया आदेश।
प्रमाण पत्र बिना क्षेत्राधिकार, सत्यापन के जारी हुआ था।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला की रामपुर विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2022 में भाजपा के प्रत्याशी रहे कौल नेगी का अनुसूचित जाति (एससी) प्रमाण पत्र रद कर दिया गया है। एसडीएम रामपुर ने पूर्व भाजपा नेता एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी प्रेम सिंह दरैक की ओर से दायर अपील पर सुनवाई करते हुए यह आदेश जारी किए हैं।
रामपुर के कांग्रेस विधायक नंद लाल के निधन के बाद क्षेत्र में संभावित राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के बीच इस फैसले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रमाण पत्र रद होने से कौल नेगी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
प्रमाण पत्र को निरस्त किया
प्रेम सिंह दरैक ने शिमला में पत्रकार वार्ता में कहा कि एसडीएम रामपुर की ओर से पारित आदेश में तहसीलदार रामपुर द्वारा पिछले महीने 29 अक्टूबर को जारी आदेश को रद कर दिया गया है। इसके साथ ही 16 अगस्त 2022 को जारी अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र आईडी संख्या एससी 2022728482213367 को भी निरस्त कर दिया गया है। आदेश के अनुसार संबंधित प्रमाणपत्र बिना क्षेत्राधिकार वाले अधिकारी की ओर से और उचित सत्यापन के बिना जारी किया गया था।
तहसीलदार को राजस्व रिकॉर्ड में जानकारी दर्ज करने का आदेश
एसडीएम ने तहसीलदार रामपुर को निर्देश दिए हैं कि प्रमाण पत्र रद किए जाने की जानकारी राजस्व रिकॉर्ड और ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज की जाए। प्रेम सिंह दरैक ने बताया कि आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि किन्नौर जिले के राजस्व अधिकारियों की जांच और संबंधित पक्ष को सुनवाई का अवसर दिए बिना किसी व्यक्ति को कोली जाति से संबंधित होने के लिए अयोग्य घोषित नहीं किया जा सकता।
पुलिस में शिकायत करेंगे
उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे जरूरत पड़ने पर वह कौल नेगी के खिलाफ कथित फर्जी प्रमाण पत्र बनाने को लेकर पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाएंगे। दरैक ने पूर्व भाजपा सरकार पर कौल नेगी को इस मामले में संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति से जुड़े प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में नियमों और अधिकार क्षेत्र का पालन होना जरूरी है। उनके अनुसार, इस मामले में अनुसूचित जाति के अधिकारों का हनन हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।